बस और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर के बाद लगी आग, 6 लोगों की जिंदा जलकर हुई मौत

Accident in Andhra Pradesh: आंध्र प्रदेश के पालनाडु जिले में भीषण सड़क हादसा हुआ है, जहां चिलकलुरिपेट के पास देर रात एक बस और ट्रक की टक्कर हो गई। इसके बाद दोनों गाड़ियों में आग लग गई, जिसमें 6 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि यात्रियों से भरी बस चिन्नागंजम से हैदराबाद जा रही थी। हादसे में 20 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए गुंटूर में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक अरविंद प्राइवेट ट्रैवल्स की बस में 40 यात्री सवार थे, जो बापटला जिले के चिनगंजम से पारचूर और चिलकलुरिपेट होते हुए हैदराबाद के लिए रवाना हुई।
यह भी पढ़ें:- दो दिन बवाल के बाद आखिरकार दाखिल हो ही गया श्याम रंगीला का वाराणसी लोकसभा सीट से नामांकन
बस में चिनगंजम, गोनासापुड़ी और निलयपालेम के लोग सवार थे, जो आम चुनाव में मतदान करने के बाद हैदराबाद लौट रहे थे। इस बीच बजरी लोड तेज रफ्तार ट्रक अचानक बस से टकरा गया। टक्कर के बाद ट्रक में आग लग गई, जो बस तक भी पहुंच गई, जिससे दोनों गाड़ियां जलकर खाक हो गई। आग की वजह से बस चालक समेत 6 लोग कुछ सेकंड के भीतर जल गए। जबकि 20 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें चिलकलुरिपेट क्षेत्रीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सड़क पर काम चल रहा था, क्योंकि कई जगहों पर भारी मात्रा में मिट्टी जमा थी। आशंका है कि ट्रक की रफ्तार ज्यादा होने के चलते चालक का वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा, जिसके कारण यह हादसा हुआ। (Accident in Andhra Pradesh)
#WATCH पालनाडु, आंध्र प्रदेश: बापटला जिले के चिन्नागंजम से हैदराबाद जा रही एक बस चिलकालूरिपेट में एक लॉरी से टकरा गई। टक्कर के कारण बस और लॉरी में आग लग गई, जिससे 6 लोगों की मौत हो गई है। घायलों को इलाज के लिए गुंटूर ले जाया गया है: चिलकालूरिपेट ग्रामीण पुलिस स्टेशन pic.twitter.com/2uuBT5IGuB
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 15, 2024
भारत में सड़क हादसों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय की ओर से जारी 2022 की रिपोर्ट के मुताबिक भारत में पिछले साल कुल 4 लाख 61 हजार 312 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गई हैं। इन हादसों में मरने वालों की संख्या 1 लाख 68 हजार 491 हो गई है और करीब 4.45 लाख लोग घायल भी हुए थे। भारत में दुर्घटनाओं की संख्या 2021 की तुलना में लगभग 12 प्रतिशत बढ़ गई है। जबकि मरने वालों की संख्या 9.4 प्रतिशत बढ़ गई है। भारतीय सड़कों पर तेज रफ्तार जानलेवा साबित हुई है। 2022 में हुई लगभग 75 प्रतिशत दुर्घटनाओं का कारण यही है। (Accident in Andhra Pradesh)



