सांसद स्वाति मालीवाल से बदसलूकी मामले में नया ट्विस्ट, पूर्व पति ने किया ये दावा
MP Swati Maliwal Case: दिल्ली महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष और आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल से बदसलूकी मामले में नया मोड़ आया है। दरअसल, सांसद के पूर्व पति नवीन जयहिंद ने दावा किया कि स्वाति की जान खतरे में है। स्वाति के साथ जो भी हुआ उसकी प्लानिंग की गई थी। नवीन ने कहा कि स्वाति सामने आएं और अपना पक्ष रखें। इसके अलावा उन्होंने AAP के राज्यसभा सांसद संजय सिंह को लेकर कहा कि मैं संजय सिंह की प्रेस कॉन्फ्रेंस सुन रहा था और मैं उन्हें यह बताना चाहता हूं कि उन्हें कैमरे के सामने एक्टिंग बंद कर देनी चाहिए, क्योंकि उन्हें पूरा मामला पता था।
यह भी पढ़ें:- बस और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर के बाद लगी आग, 6 लोगों की जिंदा जलकर हुई मौत
नवीन जयहिंद ने कहा कि इस घटना के बारे में पूछने के लिए मेरे पास कई कॉल आ रहे हैं। सबसे पहली बात तो यह कि मेरा स्वाति से तलाक हो चुका है। मैं बीते चार साल से उनके साथ संपर्क में नहीं हूं। दूसरा स्वाति के साथ जो भी हुआ उसकी प्लानिंग पहले से की गई थी और अब उसे डराया-धमकाया जा रहा है। स्वाति के साथ कुछ भी हो सकता है, जिस व्यक्ति ने स्वाति के साथ बदसलूकी की, उसमें इतनी हिम्मत भी नहीं है कि वह अपनी आवाज उठा सके। उसने ये सब किसी के निर्देश पर किया है। स्वाति को भी सामने आना चाहिए और अपनी बात रखनी चाहिए। उन्हें किस बात का डर है। हम सब उनके साथ हैं। उनकी जिंदगी खतरे में है। (MP Swati Maliwal Case)
क्यों एक्टिंग कर रहा mp संजय सिंह
तुम्हें पता है ना सारी घटना का
तुम्हें पता था पहले ही क्या होना है
हमला साज़िश से हुआ है
स्वाति की जान को ख़तरा है
तुम्हें पता है नाअब तुम उसको डरा धमका के चुप करा रहे हो तुम्हें पता है
आत्मा बची हुई है या वो भी
बेच खाइ शर्म करो mp। https://t.co/gElEfBvhCt pic.twitter.com/X5E1JPXH81— नवीन जयहिन्द🇮🇳 (@NaveenJaihind) May 14, 2024
बता दें कि सांसद संजय सिंह ने 14 मई को कबूल किया था कि मुख्यमंत्री आवास पर स्वाति मालीवाल के साथ अभद्रता हुई। उन्होंने कहा कि 13 मई को बहुत ही निंदनीय घटना घटित हुई। सुबह अरविंद केजरीवाल से मिलने स्वाति मालीवाल उनके आवास पर पहुंची थी। ड्रॉइंग रूम में केजरीवाल का इंतजार कर रही थी। इस बीच मुख्यमंत्री के पीए बिभव कुमार वहां पहुंचे और उनके साथ अभद्रता और बदतमीजी की। इस पूरी घटना को दिल्ली के CM ने संज्ञान में लिया है। वो इस मामले में सख्त कार्रवाई करेंगे, जहां तक स्वाति मालीवाल का सवाल है, उन्होंने देश और समाज के लिए बहुत काम किया है। वो सीनियर और पुराने नेताओं में से एक हैं। हम उनके साथ हैं। (MP Swati Maliwal Case)
क्यों चुप हैं दिल्ली के CM केजरीवाल: भाजपा
वहीं घटना को लेकर CM अरविंद केजरीवाल की चुप्पी पर BJP ने सवाल उठाए हैं। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि मुख्यमंत्री कहां हैं? बिभव कुमार को किसने उकसाया? इन तथ्यों की जांच होनी चाहिए। स्वाति मालीवाल चुप हैं, जहां तक उनके स्वभाव की बात है तो वे खुलकर बोलती हैं। अगर वे चुप हैं तो समझ लीजिए उन पर कितना दबाव होगा। देश में अगर किसी भी महिला के साथ अभद्रता होती है तो तुरंत उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। ऐसे दोषियों को छोड़ना नहीं चाहिए। दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल इस मामले को लेकर चुप क्यों हैं। (MP Swati Maliwal Case)



