Monsoon 2024 Date: केरल में इस साल समय से पहले दस्तक देगा मॉनसून, होगी झमाझम बारिश, IMD ने बताई तारीख
Monsoon 2024 Date: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने भविष्यवाणी की है कि इस साल मॉनसून के सीजन की शुरुआत जल्द ही हो जाएगी। आईएमडी ने अपने पूर्वानुमान में इसकी तारीख की भी घोषणा कर दी है। आईएमडी की रिपोर्ट के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिमी मॉनसून की शुरुआत केरल में 31 मई के आसपास होने के आसार हैं। वहीं उत्तर-पश्चिम भारत में 16 मई से और पूर्वी भारत में 18 मई से गर्मी की लहर का एक नया दौर शुरू होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें:- कांग्रेस पार्टी में ना दूल्हा है ना बाराती: डिप्टी CM अरुण साव
दक्षिण-पश्चिमी मॉनसून आम तौर पर केरल में 1 जून से आता है और इसमें करीब 7 दिन का मानक विचलन रहता है। आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार इस साल का दक्षिण-पश्चिमी मॉनसून 31 के आसपास केरल में दस्तक दे सकता है। इनमें चार दिन कम या 4 दिन ज्यादा का अंतर भी हो सकता है। यह तारीख देश भर में मॉनसून के लिए अहम संकेतक की तरह काम करती है। इसके उत्तर की ओर बढ़ने पर चिलचिलाती गर्मी से राहत मिलती है।
आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक, मॉनसून के 19 मई को अंडमान निकोबार पहुंचने की संभावना है। आमतौर पर यह 20 से 22 तारीख के आसपास इस जोन में प्रवेश करता है। यहां आने के बाद मॉनसून देश के अन्य हिस्सों की तरफ बढ़ेगा। मौसम विभाग की मानें तो देश में अल नीनो मौसम प्रणाली कमजोर हो रही है। ला नीना स्थितियां सक्रिय हो रही हैं। यह इस साल अच्छे मॉनसून का संकेत है। इस कारण भारत में मॉनसून समय से पहले दस्तक दे सकता है।
आईएमडी के अनुसार असम, मेघालय, त्रिपुरा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और बिहार में गुरुवार को गर्म और आर्द्र मौसम रहने का अनुमान है। अगले चार दिनों के दौरान, उत्तर-पश्चिम और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में लगभग 3-4 डिग्री सेल्सियस, मध्य भारत और गुजरात में लगभग दो-चार डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने के आसार हैं।
उत्तर-पश्चिम भारत में गुरुवार से और पूर्वी भारत में 18 मई से लू चलने के आसार हैं। आईएमडी के अनुसार, पश्चिम राजस्थान, पंजाब, दक्षिण हरियाणा, पूर्वी राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार, गुजरात के अलग-अलग इलाकों में 16-19 मई तक लू चलने का अनुमान है। कोंकण में 15-16 मई, सौराष्ट्र और कच्छ में 16-17 मई, दिल्ली, झारखंड, गैंगेटिक पश्चिम बंगाल और ओडिशा 18-19 मई को लू चलने का अनुमान है। (Monsoon 2024 Date)
20 मई तक आंधी-बारिश का अनुमान
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में 20 मई तक आंधी, बिजली के साथ भारी बारिश या बौछार पड़ने के आसार हैं। तमिलनाडु, पुड्डुचेरी, कराइकल, केरल, माहे, तटीय और कर्नाटक में अलग-अलग क्षेत्रों में बुधवार से 19 मई तक भारी वर्षा के आसार हैं। अरुणाचल प्रदेश में 16-19 मई, असम और मेघालय में 17-19 तक अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है। दक्षिण पश्चिम मॉनसून के दक्षिण अंडमान सागर, दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों और निकोबार द्वीप समूह में 19 मई को आगे बढ़ने के आसार हैं। (Monsoon 2024 Date)




