Animesh Power Plant Balodabazar: स्पंज आयरन प्लांट के विरोध में ग्रामीणों का आंदोलन तेज, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

Animesh Power Plant Balodabazar: बलौदाबाजार-भाटापारा जिला मुख्यालय से महज 8 कि. मी. दूर लटुवा बिलासपुर मुख्यमार्ग पर स्थित ग्राम खजुरी में अनिमेष पॉवर प्लांट द्वारा लगाए जा रहे स्पंज आयरन प्लांट के विरोध में आस-पास के 10-12 गांव के ग्रामीण एवं किसान लामबंद हो गए हैं। ग्रामीणों ने जनजीवन, जंगल, पानी और खेतों को बचाने के लिए कई बार शासन-प्रशासन से प्लांट ना लगाने की गुहार लगाई है और ज्ञापन के माध्यम से अपना विरोध दर्ज कराया है।
यह भी पढ़ें : धान खरीदी में अनियमितता बरतने पर एक्शन, एक केंद्र प्रभारी पर FIR, 69 को नोटिस जारी
प्रशासनिक कार्रवाई और अवैध निर्माण कार्य
ग्रामीणों के विरोध के चलते प्रशासन ने राजस्व, पर्यावरण एवं खनिज अधिकारियों को भेजकर प्लांट निर्माण पर रोक लगाई थी। हालांकि, ग्रामीणों का आरोप है कि मतदान के बाद प्लांट संचालकों ने उच्च अधिकारियों की बातों को अनसुना करते हुए पुनः निर्माण कार्य जोर-शोर से शुरू कर दिया है।
अनुमति के बिना प्लांट का निर्माण
ग्रामीणों का कहना है कि अनिमेष पॉवर प्लांट द्वारा किसी भी तरह की अनुमति ग्राम पंचायत से नहीं ली गई है और ना ही इसके संबंध में कोई जनसुनवाई हुई है। बिना भूमि परिवर्तन कराए ही निर्माण कार्य किया जा रहा है और विरोध कर रहे ग्रामीणों को प्लांट के कर्मचारियों द्वारा डराया-धमकाया जा रहा है।
पर्यावरण और जनजीवन पर प्रभाव
ग्रामीणों का कहना है कि इस प्लांट से उनके गांवों में निवासरत गरीब जन, पालतू और वन्य पशुओं, पेड़-पौधों, पक्षियों, जंगल और कृषि भूमि को सीधा नुकसान हो रहा है। पिछले 6-7 वर्षों से ग्रामीण और किसान इस प्लांट के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं। कांग्रेस शासन के दौरान पिछले 5 वर्षों में प्लांट का कार्य बंद था, लेकिन सरकार बदलते ही अवैध निर्माण कार्य फिर से शुरू हो गया है।
आंदोलन की चेतावनी
आज ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के नाम जिलाधीश को ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल निर्माण कार्य बंद कराने की मांग की है। उन्होंने सुनवाई नहीं होने की स्थिति में 10 जून, सोमवार से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल, धरना प्रदर्शन और चक्का जाम करने की चेतावनी दी है। अनिमेष स्पंज आयरन प्लांट के विरोध में ग्राम खजुरी, ढाबाडीह, बोईरडीह, केसला, रामदैया, मोहतरा, रसेड़ा और पारागांव के ग्रामीण शामिल हैं। ग्रामीणों की इस आंदोलन को व्यापक समर्थन मिल रहा है और वे अपने हक और पर्यावरण की रक्षा के लिए संघर्षरत हैं। यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि प्रशासन और सरकार उनकी मांगों पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं। (Animesh Power Plant Balodabazar)





