कट्टरपंथी रच रहे हत्या की साजिश, ज्ञानवापी में सर्वे का आदेश देने वाले जज के लिए NIA ने माँगी सुरक्षा, पढ़े पूरी खबर
Order for survey in Gyanvapi : NIA कोर्ट ने इलाहाबाद हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल को पत्र लिखकर बरेली के अतिरिक्त जिला जस्टिस रवि कुमार दिवाकर के लिए सुरक्षा मांगी है. जस्टिस दिवाकर को 2022 में ज्ञानवापी मस्जिद परिसर का वीडियोग्राफिक सर्वेक्षण करने का आदेश देने के लिए जाना जाता है. एनआईए कोर्ट के विशेष जस्टिस विवेकानंद शरण त्रिपाठी ने अपने पत्र में अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश दिवाकर को कथित रूप से धमकाने के आरोप में अदनान खान के खिलाफ विभिन्न आईपीसी और यूएपीए धाराओं के तहत यूपी एटीएस द्वारा दर्ज की गई एफआईआर का हवाला दिया. एफआईआर में खान पर न्यायाधीश दिवाकर के खिलाफ धमकी देने और उनके खिलाफ हिंसा को बढ़ावा देने के लिए इंस्टाग्राम अकाउंट चलाने का आरोप लगाया गया है.
पत्र में लिखा है,” अब तक की जांच से यह तथ्य सामने आ रहा है कि इस्लामिक कट्टरपंथी ताकतों द्वारा अतिरिक्त जिला न्यायाधीश रवि कुमार दिवाकर को काफिर घोषित करके उनकी हत्या करने की साजिश रची जा रही है, जो एक बहुत ही संवेदनशील मामला है.” एफआईआर में खान के खिलाफ लगाए गए आरोपों के अनुसार, जज दिवाकर की एक तस्वीर पोस्ट की, जिस पर लिखा था कि काफिरों का खून तुम्हारे लिए हलाल है, जो अपने दीन के खिलाफ लड़ते हैं और फोटो में उनके चेहरे पर आंखों के ऊपर लाल रंग से काफिर शब्द लिखा हुआ है.
यूपी एटीएस द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर में कहा गया है कि कथित इंस्टाग्राम पोस्ट को काफी लोगों ने देखा है और इस पोस्ट के जरिए ज्ञानवापी मामले की सुनवाई कर रहे जज की हत्या के लिए उनकी विचारधारा से जुड़े लोगों को प्रेरित किया गया है. उक्त पोस्ट से दूसरे धर्मों के लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंच रही है और वर्गों के बीच दुश्मनी और नफरत फैलाने के लिए राष्ट्र विरोधी गतिविधियां की जा रही हैं.
गौरतलब है कि मई 2022 में वाराणसी कोर्ट में सिविल जज (सीनियर डि.) के पद पर तैनात जज दिवाकर ने ज्ञानवापी मस्जिद परिसर का सर्वेक्षण (Order for survey in Gyanvapi) जारी रखने का आदेश देते हुए दावा किया था कि उनका परिवार हमेशा उनकी सुरक्षा को लेकर चिंतित रहता है. अप्रैल 2022 में जज दिवाकर ने पांच हिंदू महिलाओं द्वारा दायर याचिकाओं पर ज्ञानवापी मस्जिद परिसर के निरीक्षण का आदेश दिया था, जिसमें वाराणसी में ज्ञानवापी मस्जिद परिसर (Order for survey in Gyanvapi) की पश्चिमी दीवार के पीछे एक हिंदू मंदिर में साल भर प्रार्थना करने की अनुमति मांगी गई थी.



