Google Analytics —— Meta Pixel

बरपा आसमानी बिजली का कहर, एक दिन में आकाशीय बिजली से 18 लोगों की मौत, पढ़े पूरी खबर

Bihar Weather Alert : बिहार में शुक्रवार को मॉनसून सीजन के दौरान खराब मौसम का कहर देखने को मिला। प्रदेश में ठनका गिरने से एक दिन में चाचा-भतीजा समेत 18 लोगों की मौत हो गई। जबकि 7 लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सबसे भागलपपुर जिले में चार लोगों की वज्रपात से जान गई। इसके अलावा जहानाबाद एवं बेगूसराय के तीन-तीन, मधेपुरा एवं सहरसा में दो-दो, काराकाट, वैशाली, मोतिहारी और छपरा में एक-एक व्यक्ति की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हुई।

यह भी पढ़े :- हाथरस कांड के बाद पहली बार मीडिया के सामने आया ‘भोले बाबा’, भगदड़ पर बहाए आंसू, बोला – उपद्रवी बख्शे नहीं जाएंगे…

जहानाबाद जिले के मखदुमपुर थाना क्षेत्र के गंगा बिगहा गांव निवासी भूषण यादव (48 वर्ष) और प्रमोद यादव (30 वर्ष) की वज्रपात (Bihar Weather Alert ) से मौत हो गई जो रिश्ते में चाचा-भतीजा थे। वहीं, एक अन्य व्यक्ति बलम यादव (40 वर्ष) गया के बेलागंज थाने के सलेमपुर गांव का रहने वाला था। रोहतास जिले के काराकाट प्रखंड क्षेत्र के हटियां गांव में तेज बारिश से बचने के लिए गांव के पांच लोग एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए। अचानक पेड़ पर ठनका गिरा। जिसमें सभी पांच लोग झुलस गए, एक की मौत हो गई।

वैशाली जिले के पातेपुर थाना क्षेत्र के नीरपुर पंचायत के कुसाही गांव में ठनका गिरने से कुसाही गांव निवासी कमलेश राय की पत्नी (35) वर्षीया रीता देवी की मौत हो गई। बेगूसराय जिले में तीन स्थानों पर ठनका गिरने से 10वीं की एक छात्रा एवं दो महिलाओं की जान चली गई। मोतिहारी के पताही थाना क्षेत्र की बोकाने कला पंचायत क़े चामुटोला में खेत की मेढ़ ठीक कर रहे अधेड़ ने ठनका गिरने से दम तोड़ दिया। छपरा (सारण) जिले के बनियापुर अंचल क्षेत्र के कराह वृति टोला में ठनका से 45 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो युवक आंशिक रूप से झुलस गए।

इधर, कोसी, सीमांचल और पूर्वी बिहार के जिलों में भी वज्रपात की चपेट में आने से आठ लोगों की मौत हो गई जबकि चार घायल हैं। मृतकों में सहरसा जिले के पतरघट प्रखंड के सुखौड़ी निवासी 15 वर्षीय कुश कुमार, नवहट्टा की नौला पंचायत के रसलपुर गांव निवासी 16 वर्षीय अंजलि कुमारी, मधेपुरा के बिहारीगंज थाना क्षेत्र की राजगंज पंचायत निवासी ममता देवी (35 वर्ष), गम्हारिया थाना क्षेत्र स्थित बभनी पंचायत के दाहा टोला निवासी मदन यादव (40 वर्ष) और भागलपुर की इस्माइलपुर निवासी मृतका आरती कुमारी हैं। ठनका की चपेट में आने से नूजी कुमारी और ममता कुमारी घायल हैं।

कहलगांव प्रखंड के मृतकों में फोरलेन में कार्यरत मध्य प्रदेश के कटनी का उत्तम पटेल (19 वर्ष), घोघा बाजार के किसान उपेंद्र मंडल और कुषाहा गांव के किसान श्याम कुमार मंडल की पत्नी मोनिका देवी (34 वर्ष) हैं। पूर्णिया जिले के भवानीपुर में वज्रपात में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। घायल महिला शहीदगंज पंचायत के रहमतगंज की करिरा खातून है।

बता दें कि उत्तर बिहार के कई जिलों में भारी वर्षा को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट (Bihar Weather Alert ) जारी किया है. अभी भी आसमान में बादल छाए हुए हैं , काले बादल आसमान में नजर आ रहे हैं. इसके साथ ही कई जिलों में बिजली चमकने और वज्रपात की संभावना भी है. इसको लेकर मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. बारिश के दौरान घरों से कम निकलने और पक्के घरों में रहने की बात कही है. वहीं, वज्रपात होने की स्तिथि में खिड़कियां, दरवाजे बंद रखें. खुले हुए खिड़की, दरवाजे या मेटल के पाइप इत्यादि के पास खड़े नहीं रहें.

Back to top button
error: Content is protected !!