मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल, लोगों को मिली एक और नई सुविधा

Chhattisgarh NGDRS System: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर लोगों को एक और नई सुविधा मिलने जा रही है। राज्य के सभी पंजीयन कार्यालयों में लोगों को अपने भूमि-मकान के NGDRS प्रणाली में पंजीयन के समय ऑनलाइन अपॉइंटमेंट लेने से पहले ही नेट बैंकिंग या UPI दोनों तरीके से भुगतान करने की सुविधा प्रदान की जा रही है। वित्त मंत्री ओपी चौधरी के निर्देश पर महानिरीक्षक पंजीयन और अधीक्षक मुद्रांक द्वारा लोगों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए पंजीयन विभाग ने ऑनलाइन शुल्क भुगतान की सुविधा को NGDRS प्रणाली में जुलाई 2024 से लाइव किया है।
यह भी पढ़ें:- इस गुरुवार जनता की समस्या नहीं सुन पाएंगे CM साय, 11 जुलाई को होने वाला जनदर्शन स्थगित
पक्षकार रजिस्ट्री कराने के लिए ऑनलाइन अपॉइंटमेंट लेने के पहले ही नेट बैंकिंग या UPI दोनों तरीके से भुगतान कर सकते हैं। गौरतलब है कि राज्य के सभी पंजीयन कार्यालयों में NIC द्वारा निर्मित NGDRS प्रणाली से दस्तावेजों के पंजीयन का कार्य हो रहा है। ऑनलाइन पेमेंट की सुविधा न होने से पंजीयन शुल्क नगद, चेक या डीडी के माध्यम से जमा किया जाता रहा हैं। ऑनलाइन शुल्क भुगतान की सुविधा होने से विभाग कैशलेस के साथ पेपरलेस और फेसलेस पंजीयन की दिशा में अग्रसर हो सकेगा, जिसमें आधार आधारित वेरिफिकेशन किया जाकर पक्षकारों को घर बैठे ही संपत्ति के क्रय-विक्रय संबंधी विलेखों के पंजीयन की सुविधा प्रदान की जा सकेगी। (Chhattisgarh NGDRS System)
कैश हैंडलिंग की समस्या से मिलेगी राहत
पंजीयन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक चरण में आम जनता को किसी भी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े इसके लिए वर्तमान में ऑनलाइन शुल्क भुगतान के साथ नगद या चेक के माध्यम से फीस लिए जाने की व्यवस्था आगामी आदेश तक जारी रहेगी। ऑनलाइन भुगतान होने से पक्षकारों को सुविधा के साथ-साथ पंजीयन कार्यालय के कर्मचारियों को भी कैश हैंडलिंग की समस्या से राहत होगी। (Chhattisgarh NGDRS System)
पंजीयन कराने वाले पक्षकारों को होगी सुविधा
अधिकारियों ने यह भी बताया कि दस्तावेज लेखकों, अधिवक्ताओं और पंजीयन कार्य से जुडे व्यक्तियों को ऑनलाइन भुगतान के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रशिक्षण प्रदाय किया गया है। साथ ही विभाग द्वारा कैश लेश प्रणाली के व्यापक प्रचार प्रसार के लिए अधीनस्थ पंजीयन कार्यालयों के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। विभाग द्वारा ऑनलाइन पेमेंट गेटवे के अतिरिक्त पंजीयन कार्यालयों में स्वाईप मशीनों की स्थापना भी की जा रही है। इससे दस्तावेजों का पंजीयन कराने वाले पक्षकारों को सुविधा होगी। (Chhattisgarh NGDRS System)



