बलौदाबाजार हिंसा मामले में सरकारी शिक्षक समेत 4 आरोपी गिरफ्तार, मोहन बंजारे ने ही दिया था भड़काऊ भाषण

Balodabazar Violence Case: बलौदाबाजार हिंसा मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। दरअसल, पुलिस ने सरकारी शिक्षक और हिंसा के मुख्य साजिशकर्ता मोहन बंजारे को गिरफ्तार किया गया है। बता दें कि मोहन बंजारे ने ही आंदोलन के दिन मंच संचालन के साथ ही भड़काऊ भाषण दिया था। इसके बाद भीड़ ने हिंसक प्रदर्शन किया था। साथ ही कलेक्ट्रेट समेत कई कार्यालयों को आग के हवाले कर दिया था। पुलिस ने 3 और आरोपियों को रायपुर, मोवा और भिलाई से गिरफ्तार किया है।
यह भी पढ़ें:- डिप्टी CM विजय शर्मा की ताबड़तोड़ कार्रवाई, गुरुर थाना प्रभारी और तहसीलदार को किया सस्पेंड
पुलिस के मुताबिक 10 जून को घटित तोड़फोड़ और आगजनी की घटना का मुख्य साजिशकर्ता और योजना बनाने वाला मोहन बंजारे है। उसने धरना प्रदर्शन में मंच संचालक और दूसरे जिलों से लोगों को बलौदाबाजार बुलाने का काम किया था। बलौदाबाजार में अब तक तोड़फोड़ और आगजनी की घटना को अंजाम देने वाले 163 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष शैलेंद्र बंजारे, NSUI विधानसभा अध्यक्ष सूर्यकांत वर्मा, भीम आर्मी के प्रदेश उपाध्यक्ष और प्रदेश महासचिव भी शामिल हैं। (Balodabazar Violence Case)
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में 27 जुलाई से 10 अगस्त तक जनसमस्या निवारण पखवाड़ा, हर वार्ड में लगेंगे शिविर
पुलिस का कहना है कि वे मोहन बंजारे की तलाश में लगातार छापेमारी कर रहे थे। इस बीच आरोपी की ट्रेसिंग से पता चला कि वो पुराना धमतरी रोड रायपुर के आसपास दिनेश बंजारे के साथ छिपा हुआ है। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। मोहन बंजारे गोड़ा गांव में स्थित स्कूल के प्रभारी प्राचार्य भी है। उनकी पत्नी पलारी नगर पंचायत से कांग्रेस की पार्षद हैं। मोहन बंजारे प्रगतिशील सतनामी समाज का युवा अध्यक्ष भी है। गिरफ्तार आरोपियों में मोहन बंजारे के अलावा कोमल संभाकर, निवासी धमतरी, दिनेश कुमार बंजारे, निवासी महासमुंद और विजय कुमार बंजारे, निवासी महासमुंद शामिल हैं। (Balodabazar Violence Case)



