बलौदाबाजार हिंसा मामले में 5 और आरोपी गिरफ्तार, भीम रेजीमेंट का संस्थापक और प्रदेश अध्यक्ष भी शामिल

Balodabazar Violence Case: बलौदाबाजार हिंसा मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इस बीच पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। दरअसल, छत्तीसगढ़ भीम रेजीमेंट के संस्थापक और प्रदेश अध्यक्ष दिनेश चतुर्वेदी समेत 5 और आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। बलौदाबाजार में अब तक तोड़फोड़ और आगजनी की घटना को अंजाम देने वाले 168 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपियों से पूछताछ जारी है।
यह भी पढ़ें:- गौ तस्करी को लेकर साय सरकार सख्त, डिप्टी CM विजय शर्मा ने कहा- छत्तीसगढ़ में अब गौ तस्करी संभव नहीं
दरअसल, 10 जून को हुए हिंसक प्रदर्शन में शामिल लोगों को पकड़ने के लिए पुलिस लगातार अलग-अलग जगहों पर दबिश दे रही है। प्रदर्शन में शामिल आरोपियों की पहचान वीडियो, फोटो, CCTV फुटेज समेत अन्य तकनीकी से की जा रही है। इस बीच 5 और आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है, जिसमें भीम रेजीमेंट के संस्थापक दिनेश चतुर्वेदी के अलावा हेमंत बंजारे भी शामिल है। एक दिन पहले ही पुलिस ने सरकारी शिक्षक और हिंसा के मुख्य साजिशकर्ता मोहन बंजारे को गिरफ्तार किया था। बता दें कि मोहन बंजारे ने ही आंदोलन के दिन मंच संचालन के साथ ही भड़काऊ भाषण दिया था। इसके बाद भीड़ ने हिंसक प्रदर्शन किया था। साथ ही कलेक्ट्रेट समेत कई कार्यालयों को आग के हवाले कर दिया था। (Balodabazar Violence Case)
10 जून को किया गया था हिंसक प्रदर्शन
पुलिस ने 3 और आरोपियों को रायपुर, मोवा और भिलाई से गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक 10 जून को घटित तोड़फोड़ और आगजनी की घटना का मुख्य साजिशकर्ता और योजना बनाने वाला मोहन बंजारे है। उसने धरना प्रदर्शन में मंच संचालक और दूसरे जिलों से लोगों को बलौदाबाजार बुलाने का काम किया था। मोहन बंजारे गोड़ा गांव में स्थित स्कूल के प्रभारी प्राचार्य भी है। उनकी पत्नी पलारी नगर पंचायत से कांग्रेस की पार्षद हैं। मोहन बंजारे प्रगतिशील सतनामी समाज का युवा अध्यक्ष भी है।इससे पहले युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष शैलेंद्र बंजारे, NSUI विधानसभा अध्यक्ष सूर्यकांत वर्मा, भीम आर्मी के प्रदेश उपाध्यक्ष और प्रदेश महासचिव की भी गिरफ्तारी हो चुकी है। (Balodabazar Violence Case)



