छत्तीसगढ़ में राशनकार्ड नवीनीकरण के लिए फिर बढ़ी तारीख, अब 15 अगस्त तक मिला मौका

Ration Card Renewal 2024: छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत वर्तमान में प्रचलित सभी 77 लाख राशनकार्डों के नवीनीकरण का काम 25 जनवरी से जारी है, जिसके तहत 70 लाख से ज्यादा राशन कार्डधारकों का नवीनीकरण किया जा चुका है। वहीं जिन्होंने अभी तक अपना राशन कार्ड का नवीनीकरण नहीं करवाया है, वे नवीनीकरण के लिए 15 अगस्त तक आवेदन जमा कर सकते हैं। बता दें कि पहले नवीनीकरण के लिए 30 जून तक समय निर्धारित किया गया था, जिसमें बढ़ोतरी करते हुए नवीनीकरण की तिथि 15 अगस्त 2024 किया गया है।
यह भी पढ़ें:- लगातार तीसरे गुरुवार को जनता की समस्या नहीं सुन पाएंगे CM साय, 25 जुलाई को होने वाला जनदर्शन स्थगित
राशनकार्डों के नवीनीकरण के लिए हितग्राही खाद्य विभाग की ओर से दी गई ऑनलाइन सुविधा का भरपूर लाभ उठा रहे हैं। साथ ही अपने मोबाइल से खाद्य विभाग के एप के जरिए राशनकार्डों के नवीनीकरण के लिए आवेदन कर रहे हैं। बता दें कि खाद्य, नागरिक आपूर्ति, उपभोक्ता संरक्षण विभाग के निर्देशानुसार प्रदेश प्रचलित राशनकार्ड के नवीनीकरण और राशनकार्डधारियों का e-KYC किया जा रहा है। प्रदेश के समस्त श्रेणी के राशनकार्ड अन्त्योदय, प्राथमिकता, एकल निराश्रित, निशक्तजन और एपीएल योजना के राशनकार्डधारियों का e-KYC और राशनकार्डों के नवीनीकरण 15 अगस्त तक अनिवार्य रूप से कराने के लिए कहा गया है।
नवीनीकरण करने के लिए e-KYC कराना अनिवार्य
खाद्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक राशनकार्ड नवीनीकरण करने के लिए e-KYC कराना अनिवार्य है।राशनकार्ड नवीनीकरण के लिए खाद्य विभाग ने खाद्य नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण विभाग का नया मोबाइल एप तैयार किया है। इसे प्ले स्टोर में जाकर डाउनलोड किया जा सकता है। हितग्राही खाद्य विभाग की वेबसाइट http://khadya.cg.nic.in से डाउनलोड करके नवीनीकरण का काम कर सकते हैं। हितग्राही उचित मूल्य दुकान में भी जाकर ऑनलाइन के माध्यम से अपना नवीनीकरण और e-KYC का कार्य करवा सकते हैं। (Ration Card Renewal 2024)
छत्तीसगढ़ में कार्डधारकों की संख्या
e-KYC के लिए प्रत्येक हितग्राही का बायोमेट्रिक अद्यतन होना चाहिए जिन सदस्यों का बाल आधार बना है उन्हें पहले आधार सेवा केंद्र से अपना बायोमेट्रिक अपडेट कराना होगा इसके बाद उचित मूल्य दुकान के ई-पॉस मशीन से e-KYC करा सकते हैं। राशनकार्ड में e-KYC और नवीनीकरण की सुविधा निशुल्क है। छत्तीसगढ़ में अन्त्योदय श्रेणी के तहत आने वाले 14 लाख 92 हजार 438 कार्डधारक हैं। वहीं प्राथमिकता श्रेणी के तहत आने वाले 52 लाख 46 हजार 656 कार्डधारक हैं। इसके साथ ही एकल निराश्रित श्रेणी के तहत आने वाले 37 हजार 708 कार्डधारक हैं। जबकि निशक्तजन श्रेणी के तहत आने वाले 15 हजार 351 राशन कार्डधारी हैं। (Ration Card Renewal 2024)



