वायनाड में बारिश से भारी तबाही, लैंडस्लाइड से 185 से ज्यादा लोगों की मौत

Wayanad Landslide Update: केरल के वायनाड में बारिश के बाद हुए लैंडस्लाइड ने भारी तबाही मचाई है। दरअसल, मृतकों की संख्या लगातार बढ़ती ही जा रही है। जानकारी के मुताबिक लैंडस्लाइड की चपेट में आने से 185 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 130 से ज्यादा लोग अस्पताल में भर्ती हैं। वहीं 170 से ज्यादा लोगों के लापता होने की रिपोर्ट लिखाई गई है। 30 जुलाई को मुंडक्कई, चूरलमाला, अट्टामाला और नूलपुझा गांव में लैंडस्लाइड हुई थी, जिसमें घर, पुल, सड़कें और गाड़ियां बह गई हैं। इस बीच भारतीय मौसम विभाग ने केरल के मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड जिले में ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है।
यह भी पढ़ें:- GST On Health Insurance : लाइफ और मेडिकल इंश्योरेंस पर GST हटे, नितिन गडकरी ने निर्मला सीतारमण को लिखी चिट्ठी
वहीं पथनमथिट्टा, अलाप्पुझा, कोट्टायम, एर्नाकुलम, इडुक्की, त्रिशूर और पलक्कड़ के लिए ‘येलो’ अलर्ट जारी किया है। तिरुवनंतपुरम और कोल्लम में बारिश की कोई चेतावनी नहीं है। इधर, वायनाड में भूस्खलन से प्रभावित चूरालमाला में खोज और बचाव अभियान जारी है। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस ने वायनाड के सरकारी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का दौरा किया, जहां शवों का पोस्टमार्टम किया जाएगा। उन्होंने मेप्पाडी सामुदायिक भवन का भी दौरा किया, जिसे अस्थायी शवगृह में बदल दिया गया है। उन्होंने कहा कि मुझे राहत शिविरों का दौरा करने और वहां रह रहे पीड़ितों से विस्तार से बात करने का अवसर मिला। यह हाल ही में हुई सबसे बुरी आपदाओं में से एक है। (Wayanad Landslide Update)

CM ने की बचाव अभियान की समीक्षा
राज्यपाल ने कहा कि मैंने केरल के मुख्यमंत्री से बात की, प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री के संज्ञान में यह मामला लाया। प्रधानमंत्री बचाव और राहत कार्यों के लिए जो भी आवश्यक है, उसे करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। हम पीड़ितों के साथ हैं। केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने तिरुवनंतपुरम में आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के कार्यालय में वायनाड में चल रहे बचाव अभियान की समीक्षा के लिए बैठक की। जबकि केरल के मंत्रियों ने वायनाड में बचाव कार्यों का आकलन किया। वायनाड में खोज और बचाव अभियान पर ब्रिगेडियर अर्जुन सेगन ने कहा कि कल सुबह से ही यहां रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू हो गया है। कल मौसम खराब होने की वजह से हम गति से काम नहीं कर पाए। आज मौसम काफी बेहतर है। बारिश नहीं हो रही है। (Wayanad Landslide Update)

लोगों को बचाने रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
सेना, NDRF, नौसेना, राज्य पुलिस और वन विभाग के साथ-साथ स्थानीय स्वयंसेवकों से लगभग 500 से 600 बचावकर्मी काम कर रहे हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। बचाव अभियान के लिए एझिमाला नौसेना अकादमी की 60 टीमें चूरलमाला पहुंचीं। लेफ्टिनेंट कमांडेंट आशीर्वाद के नेतृत्व में एक टीम पहुंच गई है। समूह में 45 नाविक, पांच अधिकारी, 6 फायर गार्ड और एक डॉक्टर हैं। संसद में कांग्रेस संसदीय दल की आम बैठक में वायनाड भूस्खलन के पीड़ितों के लिए मौन रखा गया। RJD सांसद मनोज झा ने कहा कि इस तरह के हादसे सीख भी देते हैं। केंद्र सरकार और राज्य सरकार को बेहतर समन्वय के साथ युद्ध स्तर पर बचाव और राहत अभियान चलाना चाहिए। (Wayanad Landslide Update)
राहुल और प्रियंका जाएंगे वायनाड: खड़गे
कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हम सबने वायनाड की स्थिति को गंभीरता से लिया है। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा वहां जाने वाले हैं। हमारी पार्टी के सभी कार्यकर्ता वहां पुनर्वास के लिए जुटे हुए हैं। यह बहुत बड़ी दुखद घटना है। यह राष्ट्रीय आपदा है और इसपर सभी लोगों को मिलकर काम करना चाहिए…हमने यह मुद्दा कल राज्यसभा में भी उठाया था। कांग्रेस सांसद के.सी. वेणुगोपाल ने कहा कि वायनाड त्रासदी के बारे में कहने के लिए एक शब्द भी नहीं है। बहुत सारे शव बरामद हुए हैं और बहुत से लोग लापता हैं। हमें इस प्रकार की आपदाओं को रोकने के लिए दीर्घकालिक और अल्पकालिक रणनीतियों की आवश्यकता है। (Wayanad Landslide Update)



