पश्चिम बंगाल में फिर राज्यपाल Vs मुख्यमंत्री, गवर्नर ने कहा- आत्मसम्मान से खिलवाड़ नहीं करने दूंगा

Governor of West Bengal: पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी. वी. आनंद बोस ने कहा कि राजनेता अपने तरीके से कुछ भूमिकाएं निभाते हैं, लेकिन मैं उन्हें अपने आत्मसम्मान में हस्तक्षेप नहीं करने दूंगा। बता दें कि राजभवन के एक कर्मचारी ने राज्यपाल के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे, जिसे राजभवन पैनल की इंटरनल प्रारंभिक जांच टीम ने खारिज कर दिया है। कोलकता हाईकोर्ट ने राज्यपाल के खिलाफ कोई भी अपमानजनक या गलत बयान देने पर रोक लगा रखी है। वहीं राज्यपाल ने कहा कि राज्यपाल का यह कर्तव्य है कि वह इस बात की निगरानी करे कि सरकार का कामकाज भारत के संविधान के दायरे में हो। मुझे लगता है कि पश्चिम बंगाल के वित्तीय प्रबंधन में बहुत सी खामियां हैं। यह राय सीधे तौर पर भारतीय रिजर्व बैंक और नियंत्रक समेत महालेखा परीक्षक जैसे सक्षम अधिकारियों द्वारा दिए गए विश्लेषण से उपजी है।
यह भी पढ़ें:- वायनाड लैंडस्लाइड को लेकर आमने-सामने BJP-कांग्रेस, आपदा पर राजनीति करने का आरोप
राज्यपाल बोस ने कहा कि मुझे यह कहते हुए दुख हो रहा है कि पश्चिम बंगाल में वित्तीय संकट है।फंड्स का दुरुपयोग किया जा रहा है, गरीबी दूर करने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले फंड का इस्तेमाल दूसरे कामों में किया जा रहा है। मैंने एक श्वेत पत्र मांगा है, क्योंकि मुझे राज्य में वित्तीय संकट का पता चला है। मैं एक दिवालिया राज्य की वित्तीय स्थिति के बारे में वास्तविक स्थिति देखना चाहता हूं। संवैधानिक रूप से राज्यपाल सक्षम हैं और प्रशासन के किसी भी पहलू पर मुख्यमंत्री से जानकारी मांगना राज्यपाल की जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री के लिए राज्यपाल को ऐसी जानकारी देना अनिवार्य है। मैं इसका इंतजार करूंगा। अगर यह आती है तो ठीक है। अगर यह नहीं आती है तो इसके लिए मेरे पास कई तरीके हैं। (Governor of West Bengal)
राजनीतिज्ञ ममता बनर्जी मेरे मिजाज की नहीं: राज्यपाल
राज्यपाल बोस ने कहा कि वे मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का व्यक्तिगत तौर पर सम्मान करते हैं और उनके साथ उनके प्रोफेशनल संबंध हैं, लेकिन ‘राजनेता’ के रूप में वे मेरे मिजाज की नहीं हैं। उन्होंने कहा कि मेरे सामने तीन ममता बनर्जी हैं। एक सिर्फ ममता बनर्जी हैं, जिनसे मेरे बहुत अच्छे संबंध हैं। दूसरी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी हैं, जिनके साथ मेरे प्रोफेशनल संबंध हैं। वहीं तीसरी राजनीतिज्ञ ममता बनर्जी हैं, जो मेरे मिजाज की नहीं हैं। मुख्यमंत्री मेरी सहयोगी हैं और मैं कोई राजनेता नहीं हूं। उन्होंने कहा कि राज्यपाल संविधान के संरक्षक हैं और वे रबर की मुहर नहीं हैं। गवर्नर ने कहा था कि राज्यपालों को केंद्र और राज्य के बीच एक प्रभावी कड़ी बनना होगा। (Governor of West Bengal)
BJP सांसद ने सरकार को घेरा
वहीं पश्चिम बंगाल के जेल मंत्री अखिल गिरि का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें वे वन विभाग की एक महिला अधिकारी को धमकी देते और अपशब्द कहते दिख रहे हैं। वीडियो के सामने आने पर तृणमूल कांग्रेस ने मंत्री से इस्तीफा देने और महिला से माफी मांगने को कहा था। हालांकि मंत्री ने इस्तीफा तो दे दिया, लेकिन उन्हें कोई पछतावा नहीं है। इस पर भाजपा सांसद जगन्नाथ सरकार ने कहा कि TMC की संस्कृति ही यही है। इनके दल की नेत्री ममता बनर्जी ने भी PM मोदी के बारे में भी ऐसा ही बयान दिया था। अखिल गिरी ने राष्ट्रपति पर भी बयान दिया था। अगर किसी को इस्तीफा देना चाहिए तो ममता बनर्जी को देना चाहिए क्योंकि वे ही सबसे अधिक गलत भाषा का इस्तेमाल करती हैं। (Governor of West Bengal)



