Google Analytics —— Meta Pixel

वक्फ बोर्ड एक्ट को लेकर गरमाई सियासत, बदलाव की चर्चा के बीच कई पार्टियों ने जताया विरोध

Politics on Waqf Board: केंद्र सरकार वक्फ बोर्ड की संपत्तियों पर नियंत्रण के लिए विधेयक ला सकती है, जिसे लेकर सियासत गरमा गई है। कई पार्टियों ने इसका विरोध किया है। मुंबई के कांग्रेस नेता नसीम खान ने कहा कि वक्फ की संपत्ति हमेशा वक्फ की संपत्ति होती है। इस एक्ट में संशोधन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। NDA सरकार की सहयोगी पार्टी JDU के पूर्व सांसद गुलाम रसूल ने भी इसका विरोध किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को केंद्र की इस कोशिश का विरोध करना चाहिए। वहीं उत्तरप्रदेश के पूर्व डिप्टी CM दिनेश शर्मा ने कहा कि ये सरकार की जिम्मेदारी है कि वक्फ संपत्तियों की अनियमितताओं को दूर किया जाए।

यह भी पढ़ें:- Balodabazar News: ग्राम मरदा में गौवंश हत्या पर विहिप की उच्च स्तरीय जांच की मांग

पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि वक्फ बोर्ड को ‘मुझे छुओ नहीं’ सिंड्रोम से बाहर आना होगा। अगर कोई सरकार समावेशी सुधारों पर जो दे रही है तो इस सोच पर सांप्रदायिक हमला सही नहीं है। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि वक्फ बोर्ड कानून में संसोधन बहुत जरूरी है। इसे पहले होना चाहिए था, क्योंकि वक्फ बोर्ड से कुछ लोग गलत काम कर रहे हैं। वक्फ बोर्ड कानून में संसोधन अल्पसंख्यक के गरीब तबके के लोगों के हित के लिए है। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने भी बदलाव का समर्थन किया है। (Politics on Waqf Board)

वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष अपने ढंग से कानून चलाते हैं: राजभर

उन्होंने कहा कि आज इसकी आवश्यकता है। क्योंकि वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष अपने ढंग से कानून चलाते हैं, इसमें सरकार का कोई हस्तक्षेप नहीं होता, इसलिए सरकार यह कानून ला रही है ताकि अगर कहीं कोई गलती हो रही है तो सरकार उसमें हस्तक्षेप करे। अखिलेश यादव मुसलमानों का वोट लेने और उन्हें गुमराह करने के लिए इसका विरोध कर रहे हैं। इस पर आजाद समाज पार्टी-कांशीराम के अध्यक्ष और सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि केंद्र, उत्तरप्रदेश और भाजपा की तमाम राज्य सरकारें मुसलमानों की कितनी हितैषी हैं यह किसी से छिपा नहीं है। मैं अच्छी तरह जानता हूं कि आपका मकसद इन वर्गों को कमजोर करना है, ताकतवार करना नहीं। (Politics on Waqf Board)

गंभीर मुद्दों से ध्यान हटाने के नए हथकंडे: प्रियंका चतुर्वेदी

शिवसेना (UBT) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि भाजपा को डिरेल करने की आदत है। वे देश के गंभीर मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए इस नए हथकंडे को लाए हैं। बिहार के पूर्व डिप्टी CM और राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि केंद्र सरकार जनहित के काम नहीं करती, उन्हें महंगाई, बेरोजगारी, गरीबी से कोई मतलब नहीं है। वे सिर्फ ध्रुवीकरण, हिंदू-मुसलमान करके अपनी राजनीति करना चाहते हैं। भाजपा के लोगों को पहले बताना चाहिए कि जो आरक्षण हमने बढ़ाया उसे 9वीं अनुसूची में क्यों नहीं डाल रहे? बिहार को विशेष राज्य के दर्जे के वादे का क्या हुआ? (Politics on Waqf Board)

पक्षपात कर रही सरकार: शिवपाल

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि यह सरकार पक्षपात कर रही है, कुछ वर्गों के साथ अन्याय कर रही है। सरकार बनने के बाद सरकार जनता की होती है, लेकिन यह सरकार चुन-चुनकर कुछ वर्गों के साथ पक्षपात कर रही है। ऑल इंडिया इमाम ऑर्गेनाइजेशन के चीफ इमाम डॉ. इमाम उमर अहमद इलियासी ने कहा कि संशोधन उस प्रक्रिया का हिस्सा है, जो समय-समय पर होती रहती है। वक्फ एक्ट में पहले भी संशोधन किए गए हैं। इस बात का ध्यान रखा जाना चाहिए कि वक्फ की गरिमा को ठेस न पहुंचे। संशोधन करना समय की मांग है और इस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। इस पर चर्चा होनी चाहिए। जब पिछली सरकारों के दौरान संशोधन किए गए थे तो असदुद्दीन ओवैसी या अन्य विपक्षी नेताओं ने क्या कहा था? (Politics on Waqf Board)

उचित चर्चा करे केंद्र सरकार: रहमान खान

अहमद इलियासी ने कहा कि विपक्ष को हर चीज पर विरोध नहीं करना चाहिए। इस पर राजनीति नहीं बल्कि चर्चा होनी चाहिए। वहीं UPA सरकार में अल्पसंख्यक मामलों के पूर्व केंद्रीय मंत्री रहमान खान ने कहा कि केंद्र सरकार पर्याप्त संशोधन करने जा रहे हैं और यह धारणा दी जा रही है कि वक्फ संपत्तियों को बिना जांच-पड़ताल के ही जब्त कर लिया जाएगा। सरकार और विभिन्न अधिकारियों द्वारा यह धारणा बनाई जा रही है कि वक्फ बोर्ड के पास किसी भी संपत्ति को वक्फ बोर्ड घोषित करने के असीमित अधिकार हैं। मुझे उम्मीद है कि सरकार उचित चर्चा और सभी पहलुओं पर विचार किए बिना अधिनियम में संशोधन नहीं करेगी। (Politics on Waqf Board)

Back to top button
error: Content is protected !!