NCERT की किताबों से संविधान की प्रस्तावना हटाने का आरोप, खड़गे ने सदन में मांगा स्पष्टीकरण

Kharge on NCERT: NCERT की किताबों से संविधान की प्रस्तावना हटाने जाने के आरोप को लेकर राज्यसभा में जमकर हंगामा हुआ। कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने NCERT की कुछ पाठ्यपुस्तकों से संविधान की प्रस्तावना (Preamble) को हटाने का मामला उठाते हुए सरकार से स्पष्टीकरण मांगा है। उन्होंने कहा कि नेता सदन और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इस पर संज्ञान लेने तक इनकार करते हुए पूरे मुद्दे को भटकाने का प्रयास किया। उन्होंने मोदी सरकार से 3 सवाल भी पूछे हैं।
यह भी पढ़ें:- Vinesh Phogat Retirement: मां कुश्ती जीत गई, मैं हार गई, विनेश फोगाट ने किया संन्यास का ऐलान
खड़गे ने पूछा कि विश्व के महान नायक, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और संविधान निर्माता बाबासाहेब डॉ अंबेडकर की प्रतिमाओं को संसद में विपक्ष से बिना सलाह-मशवरा किए एक कोने में स्थानांतरित कर दिया गया, क्या ये संविधान की मूल भावना (Preamble) के विरुद्ध नहीं था? क्या ये सच नहीं है कि BJP-RSS, जनसंघ और उनके राजनीतिक पुरखों ने भारत के संविधान और भारतीय तिरंगे का कड़ा विरोध किया, यहां तक की संविधान की प्रतियां जलाई, राम लीला मैदान में संविधान के खिलाफ रैली निकाली और कहा था कि भारत में संविधान नहीं बल्कि मनुस्मृति लागू होनी चाहिए थी? (Kharge on NCERT)
BJP सरकार ने संविधान से छेड़छाड़ की: खड़गे
उन्होंने कहा कि क्या ये सही नहीं है कि 1951-52 के लोकसभा चुनावों में अखिल भारतीय राम राज्य परिषद, जिसे भाजपा अपना राजनीतिक पूर्वज मानती है, उसने बाबासाहेब डॉ अंबेडकर के खिलाफ अपना उम्मीदवार खड़ा किया था? अखिल भारतीय राम राज्य परिषद का विलय 1971 में जनसंघ में हो गया था। जनसंघ का ही नाम बदल कर बाद में बीजेपी किया गया। बाबासाहेब डॉ अंबेडकर के संबंध में भाजपा का पाखंड अब जगजाहिर है। लोकसभा चुनाव 2024 में देश की 140 करोड़ जनता ने मोदी का 400 पार नारे के सपने को चकनाचूर किया तो बौखलाहट में मोदी सरकार बच्चों की पाठ्यपुस्तक के साथ छेड़छाड़ कर पिछले दरवाजे से संविधान के साथ छेड़छाड़ करने पर तुली हुई है। (Kharge on NCERT)
प्रस्तावना हमारे संविधान की आत्मा: खड़गे
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि यह इनका संविधान के लिए द्वेष और इनका असली चरित्र दिखाता है। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस किसी भी कीमत पर ऐसा नहीं होने देगी। किताबों में अब तक संविधान की प्रस्तावना छपती आई है। प्रस्तावना हमारे संविधान की आत्मा है। ये हमारे संविधान और लोकतंत्र के मूलभूत सिद्धांत, न्याय, स्वतंत्रता, समानता और भाईचारे को दर्शाता है। सभी इस बात से सहमत होंगे कि हमारे नागरिकों और भावी पीढ़ियों को स्वतंत्रता सेनानियों, संविधान निर्माताओं, संविधान के मूलभूत सिद्धांतों, मूल्यों और हमारे स्वतंत्रता संग्राम के नायकों के बारे में जानना ही चाहिए। (Kharge on NCERT)



