धान की उन्नत किस्मों से छत्तीसगढ़ में बढ़ेगा उत्पादन, किसानों को होगा लाभ: CM साय
CM Sai on Crops: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान में उच्च उत्पादन क्षमता वाली जलवायु अनुकूल और बायोफोर्टिफाइड फसलों की 109 किस्मों को जारी करने पर प्रसन्नता जताई है। उन्होंने कहा है कि इससे देश में कृषि और किसानों को लाभ होगा। धान की उन्नत किस्मों से छत्तीसगढ़ के किसान विशेष रूप से लाभान्वित होंगे। फसल की इन नई किस्मों से छत्तीसगढ़ में विशेषकर धान का उत्पादन बढ़ेगा। इससे छत्तीसगढ़ के किसान उत्कृष्ट खेती के साथ और ज्यादा समृद्ध बनेंगे।
यह भी पढ़ें:- नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार से किए सवाल, पूछा- बुच ने अभी तक इस्तीफा क्यों नहीं दिया?
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा कृषि और किसानों के कल्याण के लिए पूरी तत्परता से काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह खुशी की बात है कि कृषि वैज्ञानिकों ने धान की ऐसी किस्में तैयार की है, जिनके उत्पाद में 20 प्रतिशत कम पानी लगेगा। इसके अलावा दालों में अरहर और चने की 2-2, मसूर की 3 उन्नत किस्में किसानों को खेती के लिए उपलब्ध होंगी। मुख्यमंत्री साय ने कृषि के क्षेत्र में अभिनव एवं क्रांतिकारी कार्य के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और कृषि वैज्ञानिकों का आभार जताते हुए देश के किसानों को बधाई दी है। (CM Sai on Crops)
34 प्रक्षेत्र फसलें और 27 बागवानी फसलें शामिल
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री ने 61 फसलों की 109 किस्में जारी की है, जिनमें 34 प्रक्षेत्र फसलें और 27 बागवानी फसलें शामिल हैं। प्रक्षेत्र फसलों में मोटे अनाज, चारा फसलें, तिलहन, दलहन, गन्ना, कपास, रेशा और अन्य संभावित फसलों समेत विभिन्न अनाजों के बीज जारी किए गए। बागवानी फसलों में फलों, सब्जियों, रोपण फसलों, कंद फसलों, मसालों, फूलों और औषधीय फसलों की विभिन्न किस्में जारी की गई है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाना सरकार का संकल्प है। ये एक सतत प्रक्रिया है, जो बीज जारी किए गए हैं उसे प्रजनक से लेकर फाउंडेशन बीज तक एक साल का समय लगेगा। (CM Sai on Crops)



