BJP ने नेशनल कॉन्फ्रेंस के घोषणा पत्र को बताया राष्ट्र विरोधी, आर्टिकल 370 को कहा- एक्सपायर हो चुका इंजेक्शन
BJP on National Conference: जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद राजनीतिक पार्टियां तैयारियों में जुट गई है। इस बीच नेशनल कॉन्फ्रेंस ने अपना घोषणापत्र जारी किया, जिसमें पार्टी ने 12 गारंटी दी है, जिसे भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्र विरोधी बताया है। केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा कि न तो उमर अब्दुल्ला, न नेशनल कॉन्फ्रेंस और न ही कांग्रेस पार्टी के सत्ता में आने का कोई सवाल है। फिर वे अनुच्छेद 370 को वापस कैसे लाएंगे। उमर अब्दुल्ला न तो मुख्यमंत्री बनेंगे और न ही वे सत्ता में आएंगे। इसलिए अनुच्छेद 370 को वापस लाने का मुद्दा ही नहीं उठता।
यह भी पढ़ें:- जम्मू-कश्मीर के पूर्व CM उमर अब्दुल्ला का बड़ा बयान, कहा- सरकार बनने पर आर्टिकल 370 फिर करेंगे बहाल
जम्मू-कश्मीर के पूर्व डिप्टी CM और भाजपा नेता कविंदर गुप्ता ने कहा कि जो बातें उन्होंने कही हैं, उनमें से कुछ भी उनके हाथ में नहीं है। वे कैसे कैदियों को रिहा करेंगे और अनुच्छेद 370 को बहाल करेंगे? आज भी वे लोगों को गुमराह कर रहे हैं। इसी तरह से उन्होंने लोगों का शोषण किया और भाई-भतीजावाद करते हुए आतंकवाद फैलाया। जम्मू-कश्मीर के लोग अब सुरक्षा, एकता और अखंडता के बारे में ज्यादा समझते हैं। वे मुफ्त की राजनीति में नहीं आएंगे। (BJP on National Conference)
370 एक्सपायर हो चुका इंजेक्शन: चुघ
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा कि नेशनल कांफ्रेंस का घोषणा पत्र झूठ का पुलिंदा है। इसके हाईलाइट्स से लग रहा है कि झूठ को पुलिंदो में बांधकर नेशनल कॉन्फ्रेंस ने घोषित किया। अब जम्मू-कश्मीर में 370 और 35A एक एक्सपायर हो चुका इंजेक्शन है। पता नहीं अब्दुल्ला परिवार मुंगेरी लाल के कौनसे हसीन सपने देखता है। बता दें कि जम्मू-कश्मीर के पूर्व CM और नेशनल कॉन्फ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने कहा है कि राज्य में उनकी सरकार बनी तो वे जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 और 35A फिर बहाल करेंगे। पूर्व CM अब्दुल्ला ने कहा कि हम भारत-पाकिस्तान के बीच वार्ता को प्रोत्साहित करेंगे। हम हमेशा से वार्ता के पक्ष में रहे हैं और भविष्य में भी हम इसके पक्ष में रहेंगे। (BJP on National Conference)



