Balodabazar Violence : देवेंद्र यादव को झटका, कोर्ट ने जमानत याचिका किया ख़ारिज, 7 दिन और न्यायिक हिरासत में रहेंगे कांग्रेस विधायक
Balodabazar Violence : बलौदाबाजार हिंसा केस में गिरफ्तार भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव की जमानत याचिका खारिज कर दी गई है. कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव की आज न्यायिक रिमांड खत्म होने वाली थी। देवेंद्र यादव की आज बलौदाबाजार कोर्ट में वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से पेशी हुआ। कोर्ट ने विधायक की जमानत याचिका खारिज कर दी, साथ ही उनकी न्यायिक रिमांड को 7 दिनों के लिए बढ़ा दिया है। अब विधायक देवेंद्र यादव को 27 अगस्त तक न्यायिक हिरासत में रहना होगा।
बलौदाबाजार पुलिस ने 17 अगस्त को भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव को गिरफ्तार किया था. सुबह 5 बजे से ही बलौदबाजार पुलिस विधायक के भिलाई स्थित सेक्टर 5 निवास पर पहुंच गई थी. इस दौरान सैकड़ों विधायक समर्थक भी पहुंचे. जमकर नारेबाजी होने लगी. विधायक ने सोशल मीडिया पर साय सरकार पर आरोप लगाते हुए सतनामी समाज के युवाओं के लिए आगे भी लड़ाई जारी रखने का दावा किया. लगभग शाम 7 बजे देवेंद्र यादव को गिरफ्तार किया गया.
राजीव भवन में बुलाई गई विधायकों की बैठक
राजीव भवन में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत की अध्यक्षता में सभी विधायकों की बैठक बुलाई गई। आज मंगलवार की सुबह 11.30 बजे से कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में हुई। इस बैठक में सभी विधायक बुलाए गए थे। इस दौरान बैठक में सरकार को घेरने की रणनीति तैयार की गई। उनकी गिरफ्तारी के खिलाफ कांग्रेस पार्टी प्रदेश में माहौल तैयार करने की कोशिश में है।
24 अगस्त को कांग्रेस करेगी प्रदर्शन
विधायक देवेंद्र यादव की गिरफ्तारी के खिलाफ कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक की लड़ाई लड़ने की तैयारी में है। बलौदाबाजार हिंसा मामले में भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव की गिरफ्तारी को लेकर प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में बड़ा प्रदर्शन करने वाली है। कांग्रेस 21 अगस्त को ये प्रदर्शन करने वाली थी, लेकिन 22 अगस्त के कार्यक्रम के कारण इसे आगे बढ़ाकर 24 अगस्त कर दिया गया है। (Balodabazar Violence)
क्या है मामला
10 जून को बलौदाबाजार में सतनामी समुदाय के लोगों ने दशहरा मैदान में रैली निकाली. फिर हजारों की भीड़ कलेक्ट्रेट और एसपी ऑफिस पहुंच गई. आक्रोशित भीड़ ने बलौदाबाजार एसपी ऑफिस और कलेक्ट्रेट में आग लगा दी. लगभग 200 से ज्यादा बड़ी और छोटी गाड़ियों को फूंक दिया गया. इस मामले में पुलिस ने भीम आर्मी के बड़े नेता सहित लगभग 200 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. रैली के सीसीटीवी फुटेज में देवेंद्र यादव के नजर आने के बाद पुलिस और प्रशासन की तरफ से तीन बार नोटिस भेजा गया. देवेंद्र यादव का कहना है कि वो नोटिस के जवाब में बलौदाबाजार पुलिस के सामने पेश हुए थे.



