स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने अस्पतालों की सुविधाओं का लिया जायजा, मरीजों से की बात

Health Minister Jaiswal: छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने राजधानी रायपुर के कई अस्पतालों में औचक निरीक्षण किया। मंत्री जायसवाल ने सबसे पहले मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। साथ ही मरीजों से बात की और उन्हें मिल रही सुविधाओं का भी जायजा लिया। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इसके बाद रायपुर पंडरी जिला हॉस्पिटल का निरीक्षण कर वहां भर्ती मरीजों से उनका हाल चाल जाना और उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी लेकर अन्य आवश्यक सुधारों के लिए CMHO को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें:- नगरीय प्रशासन विभाग के 166 अधिकारियों-कर्मचारियों का ट्रांसफर, देखें पूरी लिस्ट
स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने इस दौरान मातृ और शिशु हॉस्पिटल पुलिस लाइन टिकरापारा का भी निरीक्षण किया। साथ ही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी लेकर व्यवस्था में सुधार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इससे पहले 12 अगस्त को स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने दिल्ली दौरे के दौरान केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री JP नड्डा से मुलाकात की थी। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से छत्तीसगढ़ के बजट में स्वीकृत चार मेडिकल कॉलेजों की स्थापना के लिए 60 फीसदी केंद्रांश का योगदान देने की मांग रखी थी। (Health Minister Jaiswal)


छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य अधोसंरचनाओं और चिकित्सा सेवा समेत चिकित्सकीय शिक्षा को सशक्त करने के दृष्टिकोण से दंतेवाड़ा, जांजगीर चांपा, कवर्धा के साथ मनेंद्रगढ़ चिकित्सा महाविद्यालयों की स्वीकृति राज्य बजट में की गई है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने केंद्रीय मंत्री से रायपुर में रीजनल लेप्रोसी ट्रेनिंग एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट (RLTRI) का उन्नयन क्षेत्रीय सिकल सेल इलाज और पुनर्वास केंद्र (RSTRC) के रूप में करने की मांग की है, ताकि राज्य में सिकिल सेल से प्रभावित मरीजों को बेहतर उपचार मिल सके। मंत्री जायसवाल ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से मनेंद्रगढ़ के लिए 2015 में 45 करोड़ रुपए की लागत से स्वीकृत टर्शरी केंसर अनुसंधान संस्थान केंद्र की त्वरित स्थापना किए जाने की भी मांग रखी है। (Health Minister Jaiswal)





