Google Analytics —— Meta Pixel

CM योगी के बयान पर अखिलेश का पलटवार, कहा- जिम्मेदारों का काम भय से बचाना है, भय फैलाना नहीं

Akhilesh on CM Yogi: उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान पर सपा प्रमुख और लोकसभा सांसद अखिलेश यादव ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार लोगों का काम भय से बचाना होता है, भय फैलाना नहीं। अगर ये किसी के व्यक्तिगत विचार हैं तो गलत हैं। अगर उनके दल के हैं तो और भी ज्यादा गलत हैं। भाजपा राज में बने भय के इस वातावरण में क्या डबल इंजन कहीं दुबक कर जा बैठा है। निंदनीय बयान।

यह भी पढ़ें:- बंटेंगे तो कटेंगे…एक रहेंगे तो नेक रहेंगे: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

दरअसल, CM योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि राष्ट्र से ऊपर कुछ भी नहीं हो सकता और राष्ट्र तब सशक्त होगा जब हम एक रहेंगे। बटेंगे तो काटेंगे, एक रहेंगे तो नेक रहेंगे। आप देख रहे हैं बांग्लादेश में क्या हो रहा है। वे गलतियां यहां नहीं होनी चाहिए। विपक्षी दलों पर तंज कसते हुए CM योगी ने कहा कि उनको फिलिस्तीन दिखाई देता है, लेकिन बांग्लादेश नहीं दिखाई देता है। क्योंकि बांग्लादेश में मंदिर तोड़े जा रहे हैं और हिंदू मारे जा रहे हैं। आपने देखा होगा कि बांग्लादेश की घटना पर इन सबके मुंह बंद हैं, क्योंकि उन्हें भय है कि अगर वे बोलेंगे तो उनके वोट बैंक खिसकते दिखाई देंगे, उनके पैरों की जमीन जिस पर वे खड़े हैं वह अंगारे उन्हें ही जलाते दिखाई देंगे। इसलिए वे मौन हैं, इस पर बोल नहीं सकते। (Akhilesh on CM Yogi)

भारत का एक ही धर्म है…सनातन धर्म: CM योगी

CM योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जो लोग दुनिया के अन्य मुद्दों पर मुखर होकर बोलते हैं, उन्हें फिलिस्तीन दिखाई देता है पर बांग्लादेश दिखाई नहीं देता। उन्हें दुनिया की अन्य जगहें दिखाई देती हैं, लेकिन बांग्लादेश दिखाई नहीं देता क्योंकि वहां मंदिर तोड़े जा रहे हैं, संतों पर अत्याचार हो रहा है। इसलिए हम सबको वर्तमान की चुनौतियों को देखना होगा। हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि 1971 में बांग्लादेश को बचाने में हमारे सैनिकों ने भी बलिदान दिया था। यह देश रहना चाहिए, सनातन धर्म हर हाल में रहना चाहिए। हमारी विरासत का सरंक्षण होना चाहिए। भारत का एक ही धर्म है। वह सनातन धर्म है। यही भारत का राष्ट्रीय धर्म है। (Akhilesh on CM Yogi)

Back to top button
error: Content is protected !!