गरियाबंद की बेटी ने बढ़ाया मान: श्रेया यादव ने पंजाब वॉलीबॉल टीम की कप्तानी कर जीता गोल्ड, बेस्ट प्लेयर अवार्ड से हुई सम्मानित
Chhattisgarh : गरियाबंद की बेटी श्रेया यादव ने एक बार फिर जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने आगरा में आयोजित नेशनल स्कूल टूर्नामेंट में पंजाब की अंडर-17 वॉलीबॉल टीम की कप्तानी करते हुए अपनी टीम को गोल्ड मेडल दिलाया और साथ ही बेस्ट प्लेयर का अवार्ड भी अपने नाम किया।
श्रेया, जो Chhattisgarh के गरियाबंद की निवासी हैं, ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गरियाबंद के एंजेल्स एंगलो स्कूल से पूरी की। इसके बाद उन्होंने डीसीसी डिफेंस एकेडमी, चंडीगढ़ में दाखिला लिया, जहां वे पढ़ाई के साथ-साथ सेवा की ट्रेनिंग भी ले रही हैं। श्रेया ने अपने खेल कौशल से वॉलीबॉल को चुना और दिनांक 22 से 24 अगस्त तक आयोजित अंडर-17 वॉलीबॉल ओपन स्कूल चैंपियनशिप में पंजाब की बालिका टीम की कप्तानी करते हुए गोल्ड मेडल हासिल किया।
यह पहली बार नहीं है जब श्रेया ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। इससे पहले, उन्होंने अंडर-14 वॉलीबॉल बालिका वर्ग में भी पंजाब की तरफ से राज्य स्तरीय वॉलीबॉल चैंपियनशिप में पठानकोट में शानदार प्रदर्शन किया था। अब, श्रेया आगामी अक्टूबर माह में काठमांडू में होने वाली अंडर-17 बालिका नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप में भारत की ओर से अपने पहले नेशनल मैच में हिस्सा लेंगी।
श्रेया ने अपनी इस बड़ी उपलब्धि का श्रेय अपने प्रथम कोच और गुरु, सूरज महाडिक को दिया है। Chhattisgarh के गरियाबंद क्षेत्र के लिए यह एक गर्व की बात है कि श्रेया ने न केवल अपने जिले, बल्कि छत्तीसगढ़ और पंजाब दोनों का नाम रोशन किया है।



