कंटेनर और कार के बीच जोरदार टक्कर, हादसे में 5 लोगों की मौत

Accident in Andhra Pradesh: भारत में सड़क हादसों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। ताजा मामला आंध्र प्रदेश का है, जहां कडप्पा-रायचोटी नेशनल हाईवे पर हुए सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई है। हादसा गुव्वालचेरुवु घाट रोड पर हुआ है। पुलिस के मुताबिक एक कंटेनर कडप्पा से गुव्वालचेरुवु जा रही एक कार से टकरा गया। फिलहाल अब तक हादसे का कारण पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय की ओर से जारी 2022 की रिपोर्ट के मुताबिक भारत में पिछले साल कुल 4 लाख 61 हजार 312 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गई हैं।
यह भी पढ़ें:- Kolkata Rape Murder Case : डॉक्टर बेटी के इंसाफ के लिए कोलकाता में आज बड़ा प्रदर्शन
इन हादसों में मरने वालों की संख्या 1 लाख 68 हजार 491 हो गई है और करीब 4.45 लाख लोग घायल भी हुए थे। भारत में दुर्घटनाओं की संख्या 2021 की तुलना में लगभग 12 प्रतिशत बढ़ गई है। जबकि मरने वालों की संख्या 9.4 प्रतिशत बढ़ गई है।भारतीय सड़कों पर तेज रफ्तार जानलेवा साबित हुई है। 2022 में हुई लगभग 75 प्रतिशत दुर्घटनाओं का कारण यही है। सड़क दुर्घटनाओं के बढ़ते मामलों के पीछे गलत दिशा में ड्राइविंग भी सबसे बड़े कारणों में से एक है, जिसका योगदान लगभग छह प्रतिशत है। (Accident in Andhra Pradesh)
50 हजार से ज्यादा बाइक सवारों की मौत
नशे में गाड़ी चलाना और गाड़ी चलाते समय फोन का इस्तेमाल दो अन्य बड़े कारण हैं, जो भारत में चार प्रतिशत से अधिक सड़क दुर्घटनाओं में हिस्सेदार हैं। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के मुताबिक बुनियादी सड़क सुरक्षा मानदंडों के उल्लंघन के कारण भी पिछले साल भारत में लगभग 70 हजार लोग मारे गए। सभी बैठने वालों के लिए अनिवार्य सीटबेल्ट नियम लागू करने के बावजूद 2022 में इसे न पहनने के कारण लगभग 17 हजार लोगों की जान चली गई। वहीं हेलमेट न पहनने के कारण 50 हजार से ज्यादा दोपहिया वाहन चालकों की भी मौत हो गई। इनमें से आधे से ज्यादा सड़क दुर्घटनाएं राजमार्गों और एक्सप्रेसवे पर हुई हैं। (Accident in Andhra Pradesh)



