Google Analytics —— Meta Pixel

भाजपा की संभाग स्तरीय कार्यशाला हुआ सम्पन्न, किरण सिंह देव बोले – भाजपा कार्यकर्ता और कार्यक्रम आधारित पार्टी है

BJP Sadashyata Abhiyan :  भारतीय जनता पार्टी के सदस्यता अभियान (BJP Sadashyata Abhiyan) को लेकर मेराथन बैठकों की कड़ी में शनिवार को पूरे प्रदेश के सभी पाँच संभागों रायपुर, दुर्ग, बस्तर, बिलासपुर और सरगुजा की संभागस्तरीय बैठकें शनिवार को अलग-अलग स्थानों पर आयोजित हुईँ। इन बैठकों में पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, सदस्यता प्रदेश संयोजक अनुराग सिंहदेव और प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव सहित सभी प्रमुख पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने उपस्थित कार्यकर्ताओं का अभियान के संदर्भ में प्रत्येक बिंदु पर विस्तार से मार्गदर्शन करते हुए इस संगठन महापर्व को सफल बनाने के लिए संकल्पित होने का आह्वान किया।

यह भी पढ़े :- Chhattisgarh : देशभर के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर करेंगे “द बस्तर मड़ई” का प्रमोशन

विदित रहे, आगामी 2 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा के हाथों भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर इस अभियान की शुरुआत करेंगे। इसके अगले दिन 3 सितंबर को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आहूत भव्य कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष श्री देव के हाथों सदस्यता ग्रहण कर प्रदेश में इस अभियान का शुभारंभ करेंगे।

भाजपा के विस्तार और मजबूती के लिए ज्यादा-से-ज्यादा सदस्य बनाएंगे – जम्वाल

क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल ने कहा कि भाजपा का सदस्य बनना हमारे लिए सबसे बड़े गर्व की बात है। भाजपा के विस्तार और मजबूती के लिए ज्यादा-से-ज्यादा सदस्य बनाएंगे और सदस्यता का पूरा डाटा रखेंगे। पार्टी की सभी जिला, मंडल, मोर्चा और प्रकोष्ठों को सदस्यता का निर्धारित लक्ष्य पूरा करना है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को समाज के सभी वर्गों तक जाना है। अपने-अपने दायरे में अपनी ज्यादा-से-ज्यादा सदस्यता हो। सबको बताना होगा कि भारतीय जनता पार्टी का सदस्य बनना आज बहुत बड़ी बात है, क्योंकि आप उस पार्टी के सदस्य हैं और उस पार्टी के सदस्य बन रहे हो जो पार्टी दुनिया में नंबर वन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन विकसित भारत 2047 के सपने को साकार करना है तो इस सदस्यता अभियान को बहुत ही गंभीरता से लेना है। इसके लिए जितना ज्यादा आप समय देंगे, प्रवास करेंगे, उतने ज्यादा आपके सदस्य बनेंगे। अपने पास सारी सदस्यता का रिकॉर्ड रहना चाहिए ताकि आगे चलकर हम इन सदस्यों का प्रशिक्षण करवा सकें। श्री जम्वाल ने कहा कि प्रदेश में सदस्यता की पिछली संख्या को उसी तरह पार करना है जैसे हमने छत्तीसगढ़ की सरकार हमेशा से ज्यादा सीटें जीतकर बनाई है। इसके लिए हमें उन जगहों पर जाना है, जहां हमारे कमजोर बूथ हैं। जिन समाजों में हम पहुंच नहीं पाए, जिन बस्तियों में, वार्डों में हम पहुंच नहीं पाए, जहां पार्टी कमजोर है, ऐसी सभी जगहों पर अगर प्रयास करेंगे तो हम सदस्यता अभियान में आगे बढ़ पाएंगे। सदस्यता हमारा मूलमंत्र है। आप जितने ज्यादा सदस्य बनाएंगे, जितने ज्यादा सदस्यों को प्रशिक्षित करेंगे, उतनी ही ज्यादा मजबूती से हम पार्टी को मजबूत करेंगे। श्री जम्वाल ने कहा कि आज भाजपा एकमात्र पार्टी संपूर्ण दुनिया में है जो कैडर बेस्ड है। भाजपा अपने कार्यकर्ताओं की सामूहिकता से चलती है। नए-पुराने कार्यकर्ताओं की चिंता करती है, एक अच्छी दिशा देने का काम करती है।

महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि हमें सदस्यता अभियान में पूरी तन्मयता और लगन से काम करना है। इसके लिए हमें प्रचार-प्रसार भी करना होगा और सोशल मीडिया की टीम को भी पूरी सक्रियता के साथ सदस्यता अभियान में काम करना होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बड़ी संख्या में महिलाओं को सदस्य बनाना है। प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं को महतारी वंदन योजना के तहत मिल रही प्रोत्साहन राशि का लाभ हमें इस अभियान में मिलेगा, क्योंकि महिलाएं प्रदेश सरकार की योजनाओं से खुश हैं और वे भाजपा से जुड़कर सेवा करने हेतु आतुर हैं।

भाजपा कार्यकर्ता और कार्यक्रम आधारित पार्टी है – किरण सिंह देव

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने बताया कि सदस्यता अभियान की शुरुआत 02 सितंबर से होगी, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले सदस्य बनेंगे। इसके बाद, पूरे देश में भाजपा कार्यकर्ता सदस्य बनेंगे और पुराने सदस्य भी सदस्य बनेंगे, साथ ही नए लोगों को जोड़ने का काम भी होगा। छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय सरकार ने 8-9 महीने में ही सरकारी योजनाओं से बड़ी संख्या में लोगों को जोड़ा, जिससे लोग भारतीय जनता पार्टी से स्वतः जुड़ने को तैयार हैं। नगरीय निकाय व त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव से पूर्व ज्यादा से ज्यादा लोगों को इस अभियान के माध्यम से हम सभी को जोड़ना है। उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान भाजपा का सबसे महत्वपूर्ण कार्य है। उन्होंने इस अवसर पर कांग्रेस पार्टी पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस नेता आधारित पार्टी है जबकि भाजपा कार्यकर्ता और कार्यक्रम आधारित पार्टी है। हमारी सक्रियता के कारण ही हम विश्व की सबसे बड़ी राजनैतिक पार्टी है। इसलिए सभी के मन में एक कार्यकर्ता का भाव हमेशा बना रहना चाहिए।

इस बैठक में संभाग प्रभारी रजनीश सिंह, संभाग सह प्रभारी निरंजन सिन्हा, भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं विधायक सुश्री लता उसेंडी, विधायक नीलकंठ टेकाम, चैतराम अटामी, पूर्व सांसद बैदूराम कश्यप, जिलाध्यक्ष बस्तर, रूपसिंह मंडावी, कोंडागांव जिलाध्यक्ष दीपेश अरोरा, नारायणपुर जिलाध्यक्ष रूपसाय सलाम, सुकमा जिलाध्यक्ष धनीराम बारसे, कांकेर जिलाध्यक्ष सतीश लाटिया सहित प्रदेश सदस्यता टोली सदस्य श्रीनिवास राव मद्दी उपस्थित थे।

अजय जम्वाल रायपुर, किरण देव कोंडागाँव, पवन साय बिलासपुर, अनुराग सिंहदेव भिलाई और संजय श्रीवास्तव अंबिकापुर की बैठकों में रहे उपस्थित

भाजपा सदस्यता अभियान (BJP Sadashyata Abhiyan) के सिलसिले में शनिवार को हुई संभागस्तरीय बैठकों में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने उपस्थित कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। रायपुर संभाग की बैठक कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित प्रदेश कार्यालय में हुई, जिसमें भाजपा क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल, सांसद रूपकुमारी चौधरी, संभाग प्रभारी सौरभ सिंह व संभाग सह प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही मौजूद रहे। दुर्ग संभाग की बैठक भिलाई जिला भाजपा कार्यालय में हुई, जिसमें प्रदेश सदस्यता अभियान संयोजक अनुराग सिंहदेव, प्रदेश महामंत्री भरतलाल वर्मा, संभाग प्रभारी भूपेंद्रसिंह सवन्नी और प्रदेश सदस्यता टोली सदस्य व अजा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष नवीन मार्कण्डेय उपस्थित थे। बिलासपुर संभाग की बिलासपुर जिला कार्यालय में आहूत बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय और प्रदेश महामंत्री जगदीश (रामू) रोहरा ने सदस्यता अभियान के परिप्रेक्ष्य में विस्तार से मार्गदर्शन किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, संभाग प्रभारी रजनीश सिंह, संभाग सह प्रभारी निरंजन सिन्हा व प्रदेश सदस्यता टोली सदस्य श्रीनिवास राव मद्दी ने कोंडागाँव के जिला भाजपा कार्यालय में बस्तर संभाग की बैठक लेकर उपस्थित कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। सरगुजा संभाग की बैठक अम्बिकापुर के जिला भाजपा कार्यालय में हुई, जिसमें प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव, संभाग प्रभारी राजा पांडे के साथ ही अजजा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष व प्रदेश सदस्यता टोली सदस्य विकास मरकाम मौजूद रहे।

पाँच संभाग के 35 जिलों में 4 और 405 मंडल इकाइयों में 6 से शुरू होगा अभियान

विदित रहे कि छत्तीसगढ़ के पाँच संभाग बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, बस्तर और सरगुजा में कुल 35 जिला इकाइयाँ सदस्यता अभियान को गति देंगीं। आगामी 4 सितंबर को प्रदेश के सभी 35 जिलों और 6 सितंबर से मंडल इकाइयों में एकसाथ सदस्यता अभियान शुरू होगा। बिलासपुर संभाग में 08 जिला व 119 मंडल इकाइयाँ, रायपुर संभाग में 06 जिला व 80 मंडल इकाइयाँ, दुर्ग संभाग में 08 जिला व 76 मंडल इकाइयाँ, बस्तर संभाग में 07 जिला व 57 मंडल इकाइयाँ और सरगुजा संभाग में 06 जिला व 73 मंडल इकाइयाँ शक्तिकेंद्र और बूथ स्तर तक जाकर प्रत्येक बूथ पर 200 सदस्य बनाने के लक्ष्य को लेकर इस अभियान में जुटेंगीं। प्रदेश में कुल 23,681 बूथ हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!