मुख्यमंत्री ममता केंद्र के पाले में गेंद फेंक रही हैं: केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल

Minister Meghwal on Mamata: पश्चिम बंगाल के कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में रेप-दुष्कर्म की घटना को लेकर विरोध प्रदर्शन जारी है। इस बीच केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि पश्चिम बंगाल की घटना शर्मनाक है। सभी ने दुख जताया है और इसकी आलोचना की है। मुझे नहीं पता कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इसे कैसे ले रही हैं, लेकिन वह इसका प्रतिवाद कर रही हैं। वह पूछ रही हैं कि फास्ट ट्रैक कोर्ट क्यों नहीं बनाया गया। यह पहले से ही है, लेकिन आपने इसमें कोई योगदान नहीं दिया। आपने इसे सिर्फ 4-5 जिलों में किया। आप कुछ नहीं कर रहे हैं और गेंद केंद्र के पाले में फेंक रहे हैं, यह ज्यादा दुर्भाग्यपूर्ण है।
यह भी पढ़ें:- हरियाणा विधानसभा चुनाव की तारीख बढ़ाने पर INDIA गठबंधन नाराज !, जानिए किसने क्या कहा…?
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि महिला के प्रति इतना गंभीर अपराध हुआ है कि स्वयं सुप्रीम कोर्ट उस पर संज्ञान ले रहा है। ममता बनर्जी को शर्म आनी चाहिए कि वे भी महिला मुख्यमंत्री है। कानून और व्यवस्था राज्य का विषय है और अगर उनसे नहीं संभलता है तो छोड़ देना चाहिए और इस्तीफा दे देना चाहिए। भारत की जनता समझ चुकी है कि वे क्या कहना चाहती हैं। केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा कि यह हमारे देश को कलंकित करने वाली घटना है। राज्य सरकार को भी इस घटना में ध्यान देने की जरूरत है। CBI ने इस मामले में जांच करने की जिम्मेदारी ले ली है। इस घटना से जिन लोगों का संबंध है उन पर कार्रवाई होना चाहिए और दोषियों को फांसी की सजा होनी चाहिए। (Minister Meghwal on Mamata)
कार्रवाई के लिए बिल लाना जरूरी: दिलीप घोष
वहीं इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) की पश्चिम बंगाल इकाई ने आरजी कर मामले में कोलकाता पुलिस के स्पष्टीकरण पर सवाल उठाए हैं, जिस पर भाजपा नेता दिलीप घोष ने कहा कि राज्य सरकार ने पहले से ही लोगों को भ्रमित करने का प्रयास किया, सबूत मिटाने का प्रयास किया। यहां की सरकार अभी भी CBI कार्रवाई में व्यवधान डाल रही है और दोषियों को बचाने की कोशिश कर रही है। पश्चिम बंगाल भाजपा के उपाध्यक्ष जगन्नाथ सरकार ने कहा कि देश में कानून तो है ही। बलात्कार के लिए सजा को केंद्र सरकार ने पहले ही बहुत सख्त बना दिया है। इस मामले में जितने लोगों ने सबूत गायब करने के प्रयास किए हैं उनके खिलाफ कार्रवाई करने के लिए कोई बिल लाना जरूरी है। (Minister Meghwal on Mamata)
TMC नेता पांजा ने BJP पर लगाए आरोप
इधर, कोलकाता में TMC नेता शशि पांजा और अन्य पार्टी कार्यकर्ताओं ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल मामले के आरोपियों को मृत्युदंड देने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। TMC नेता पांजा ने कहा कि सभी को पता है कि सुप्रीम कोर्ट में इस मामले की सुनवाई हो रही है, CBI इसकी जांच कर रही है लेकिन इस दौरान एक फर्जी नेरेटिव तैयार किया जा रहा है जिसे लेकर हमारा विरोध है। जो घटना घटित हुई है अगर भाजपा को इसके बारे में कुछ मालूम है तो उसे CBI को सौंप दीजिए, लेकिन सोशल मीडिया द्वारा गुंडागर्दी, पुलिस पर आक्रमण जैसी स्थिति जो बन रही है उसके विरुद्ध हमारी लड़ाई है। (Minister Meghwal on Mamata)
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने किया पलटवार
TMC के विरोध पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि ममता बनर्जी राजनीतिक कलाबाजी की माहिर हैं। चोरी और सीनाजोरी। ममता बनर्जी को इस्तीफा दे देना चाहिए। इस मामले में TMC के कार्यकर्ता की संलग्नता है। TMC नेता शशि पांजा के बयान पर भाजपा सांसद कमलजीत सहरावत ने कहा कि घटना होने के बाद सरकार ने जांच में जिस तरह की भूमिका निभाई वो संदिग्ध है। आज ममता बनर्जी बेशक कह रही हैं कि बाहरी लोग फर्जी नेरेटिव फैलाने का प्रयास कर रहे हैं लेकिन उन्होंने खुद क्या किया है? उन्होंने न कभी गंभीर बयान दिया, न वे खुद कभी घटनास्थल पर गईं। वहां के छात्रों और जनता में स्वाभाविक रोष है। (Minister Meghwal on Mamata)
कांग्रेस नेता अधीर ने TMC पर साधा निशाना
कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि बंगाल के लोगों का ध्यान भटकाने के लिए वे (TMC) कह रहे हैं कि CBI कुछ नहीं कर रही है। ममता बनर्जी CBI को निशाना बनाकर खुद अपनी जिम्मेदारी से बचना चाहती हैं। मैं उनसे कहना चाहता हूं कि पश्चिम बंगाल सरकार और पुलिस की भी जिम्मेदारी है कि वे CBI का सहयोग करें या उसकी कमियों को तथ्यों के साथ बताएं। वहीं आंध्र प्रदेश के कृष्णा स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल में गुप्त कैमरे मिले हैं, जिसे लेकर जिला कलेक्टर डी.के. बालाजी ने कहा कि एक विशेष जांच दल गठित किया गया है। जांच जारी है। निष्पक्ष, उचित और पारदर्शी जांच होगी। सरकार पारदर्शी जांच और अपराधियों को न्याय के कटघरे में लाने के लिए प्रतिबद्ध है। (Minister Meghwal on Mamata)



