हरियाणा विधानसभा चुनाव की तारीख बढ़ाने पर INDIA गठबंधन नाराज !, जानिए किसने क्या कहा…?
Congress on Election Date: हरियाणा विधानसभा चुनाव की तारीख 1 अक्टूबर से बढ़ाकर 5 अक्टूबर करने के चुनाव आयोग के फैसले पर पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव आयोग का अधिकार है। उन्होंने तारीख आगे बढ़ाई है। भाजपा पहले ही हरियाणा में हार स्वीकार कर चुके हैं। जब हरियाणा सरकार ने चुनाव आयोग को पत्र लिखा था, मैंने उस समय कहा था कि भाजपा ने हार स्वीकार कर ली है। कांग्रेस नेता दीपक बाबरिया ने कहा कि इस पूरे एपिसोड में भाजपा की सरकार, उसके मुख्यमंत्री और उनके प्रदेश अध्यक्ष की अपरिपक्वता झलकती है। उन लोगों ने पूरे प्रदेश की जनता को एक अनिश्चित टाइम टेबल में खड़ा कर दिया है।
यह भी पढ़ें:- सामूहिक आत्महत्या : कांग्रेस नेता ने परिवार सहित खाया जहर, अस्पताल में इलाज के दौरान चारों ने तोड़ा दम
उन्होंने कहा कि आखिर में नामांकन की तारीख वहीं की वहीं है। मेरे अनुसार भाजपा हर चुनाव में धांधली करती है। शायद धांधली करने के लिए भाजपा के पास पर्याप्त समय नहीं होगा इसलिए तारीख बढ़ाई गई है। वहीं कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा ने कहा कि चुनाव आयोग पर हम क्या ही टिप्पणी करें। यह तो भाजपा की कमजोरी को बताता है, जो 10 साल की लंबी रेस नहीं जीत पाए वो 5 दिनों में क्या कर लेंगे? कांग्रेस के सिपाही जमीन पर टिके हुए हैं। 90 की 90 सीटों पर हमारी नजर है। हम हर सीट को जीतने की कोशिश करेंगे। तारीख बदलवाने की भाजपा पहले से ही कोशिश कर रही थी। भाजपा घबराई हुई है। यह निर्णय भाजपा की घबराहट की ही निशानी है, लेकिन जब आप जनता में जनाधार खो देते हैं तो आप कुछ भी कर लें उससे फर्क नहीं पड़ता है। (Congress on Election Date)
जनता भ्रष्ट सरकार को उखाड़ कर फेंकेगी: सुशील
AAP हरियाणा अध्यक्ष सुशील गुप्ता ने कहा कि भाजपा बुरी तरह डरी हुई है। हरियाणा की जनता इस अहंकारी, भ्रष्ट सरकार को उखाड़ फेंकने का मन बना चुकी है। हरियाणा का चुनाव जनता लड़ेगी, और जनता ने तय कर लिया है कि जेजेपी और भाजपा का हरियाणा की सत्ता में कोई स्थान नहीं है। आम आदमी पार्टी ने पहले भी चुनाव की तारीखों का स्वागत किया था और अब भी कर रही है। हम सभी 90 विधानसभा सीटों पर मजबूती से लड़ने के लिए तैयार हैं। हरियाणा के पूर्व डिप्टी CM और JJP नेता दुष्यंत चौटाला ने कहा कि हम चुनाव आयोग के फैसले का स्वागत करते हैं, लेकिन इससे साफ पता चलता है कि भाजपा अपनी हार से बचने के लिए इस तरह के हथकंडे अपना रही है। पर इससे क्या होगा। जनता ने भाजपा को प्रदेश से उखाड़ फेंकने का मन बना लिया है। (Congress on Election Date)
मनीष सिसोदिया ने भी BJP पर बोला हमला
JKPCC अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा ने कहा कि क्या चुनाव आयोग को पता नहीं था कि कोई त्यौहार है? चुनाव आयोग सब कुछ देखने के बाद ही कोई निश्चित तारीख देता है। इससे चुनाव आयोग की क्षमता पर सवालिया निशान लगता है कि क्या उन्हें अब तक पता नहीं था कि कोई त्यौहार है। कल क्या वे ईद या दिवाली को भी नजरअंदाज करेंगे। यह एक संदिग्ध बात है। वहीं दिल्ली के पूर्व डिप्टी CM और AAP नेता मनीष सिसोदिया ने कहा कि BJP चाहें चुनाव रद्द करवा लें, आगे बढ़वा लें या कुछ और करवा लें, लेकिन भाजपा तो इस बार हारेगी ही। लोकसभा चुनाव के बाद से भाजपा की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। भाजपा इस बार भी बहुत बुरी तरह से हारेगी। जनता उन्हें नकारना शुरू कर चुकी है। (Congress on Election Date)
भाजपा नेता अनिल विज ने किया पलटवार
वहीं हरियाणा विधानसभा चुनाव की तिथि आगे बढ़ने पर कांग्रेस के लगाए जा रहे आरोपों पर भाजपा नेता अनिल विज ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि ये भाजपा की भारत के प्रजातंत्र में प्रतिबद्धता और लोग अधिक से अधिक मतदान कर सकें ऐसे अवसर प्रदान करने के लिए है, कांग्रेस का ये बोलना दिखाता है कि ये भाग रहे हैं। अगर आपको (कांग्रेस) ये तरीके नहीं पसंद तो वोट डालने मत जाना, घर बैठो। जिनको पसंद है उनको डालने दो… तारीख लोगों के हित में बढ़ाई गई है। हम लोगों के हित में सोचते हैं। (Congress on Election Date)



