नक्सलवाद के खात्मे तक हमारी यह लड़ाई जारी रहेगी: CM विष्णुदेव साय
CM on Naxalite Encounter: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में 9 नक्सलियों को ढेर करने पर DRG और CRPF के जवानों को बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि निश्चित ही यह सुरक्षाबल के जवानों के लिए बड़ी सफलता है। मैं इस अभियान में शामिल सभी सुरक्षा अधिकारियों, जवानों की बहादुरी को सलाम करता हूं और बधाई देता हूं। नक्सलवाद के खात्मे तक हमारी यह लड़ाई जारी रहेगी। बता दें कि पुलिस की संयुक्त टीम की नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में अब तक 9 नक्सली ढेर हो चुके हैं, जिनके शव भी बरामद कर लिए गए हैं।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में लाल आतंक पर कड़ा प्रहार जारी, दंतेवाड़ा-बीजापुर सीमा पर 9 नक्सली ढेर
वहीं बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने 13 सक्रिय नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। दरअसल, गृहमंत्री अमित शाह बीते दिनों छत्तीसगढ़ दौरे पर आए थे। इस दौरान उन्होंने नक्सल उन्मूलन के लिए 6 राज्यों के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक लेकर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। वहीं डिप्टी CM और गृहमंत्री विजय शर्मा ने भी जवानों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद समाप्ति की ओर है। यह हमारे जवानों की दृढ़ता और उनकी भुजाओं की ताकत के कारण संभव हो पा रहा है। (CM on Naxalite Encounter)
गृहमंत्री शाह ने रायपुर में की थी बैठक
गृहमंत्री शर्मा ने कहा कि बस्तर में शांति स्थापित हो रही है और आने वाले समय में छत्तीसगढ़ पूरी तरह से नक्सल मुक्त हो जाएगा। राज्य सरकार और सुरक्षा बलों के संयुक्त प्रयासों से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा की स्थिति में सुधार हो रहा है। प्रदेश सरकार इस दिशा में निरंतर कार्यरत है और हम छत्तीसगढ़ को नक्सल मुक्त बनाने के अपने संकल्प को पूरा करने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं। बता दें कि गृहमंत्री अमित शाह ने नक्सलवाद के खात्मे को लेकर प्लान बनाया है। इसे लेकर उन्होंने रायपुर में बैठक भी की थी। (CM on Naxalite Encounter)



