भाजपा कोई पार्टी नहीं… एक अपहरण गैंग है: AAP सांसद संजय सिंह
Sanjay Singh on BJP: आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने BJP पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने AAP को खत्म करने और दिल्ली सरकार को गिराने के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जेल में डाल दिया था। अब केजरीवाल जनता के बीच जाएंगे और लोगों से प्रमाण पत्र लाकर नरेंद्र मोदी को फिर से बड़ी चुनौती देंगे कि वो सब काम करके दिखाओ जो अरविंद केजरीवाल ने बिजली-पानी, स्कूल-अस्पताल में किए हैं। भाजपा क्या कहती है, ये महत्वपूर्ण नहीं है। क्योंकि ये कोई पार्टी नहीं, बल्कि एक अपहरण गैंग है। ये विधायकों, सांसदों और पार्टियों की चोरी करती है।
यह भी पढ़ें:- आतिशी और केजरीवाल पर BJP ने बोला हमला, जानिए किसने क्या कहा…?
उन्होंने कहा कि पूरे देश में इन्होंने यही तो किया है। इसलिए इनकी बात का कोई महत्व नहीं है। अब तक सुना होगा सोना चोर, बाइक चोर, पैसा चोर, लेकिन ये तो पार्टी चोर हैं। भाजपा इस देश में नफरत फैलाने वाली, झगड़ा कराने वाली, लोगों को बांटने वाली और भ्रष्टाचार का कीर्तिमान स्थापित करने वाली पार्टी है। आप सांसद संदीप पाठक ने कहा कि केजरीवाल ने जेल में इस्तीफा ना देकर राजनीति को एक नई दिशा दी है। विपक्ष के मुख्यमंत्रियों को संदेश दिया है कि अगर ये झूठे आरोप लगाकर आपको जेल में डालते हैं तो इस्तीफा मत देना। वहीं जेल से बाहर आने के बाद केजरीवाल ने इसलिए इस्तीफा दिया है कि जब तक जनता उन्हें ईमानदारी का सर्टिफिकेट नहीं देगी वो मुख्यमंत्री का पद नहीं लेंगे। मुझे भाजपा पर दया आती है। जब कुछ भी बोलने के लिए नहीं बचता तो ये ऊल-जलूल बयान लेकर आते हैं। (Sanjay Singh on BJP)
स्वाति मालीवाल इस्तीफा क्यों नहीं दे देती: पाठक
सांसद पाठक ने कहा कि स्वाति मालीवाल ने ये शुरू किया था। मैं उनसे कहना चाहता हूं कि अगर आपको इतनी ही तकलीफ है आतिशी से तो आम आदमी पार्टी से इस्तीफा दे दीजिए। इससे पहले कैबिनेट मंत्री गोपाल राय ने कहा कि जेल से आने के बाद अरविंद केजरीवाल ने ऐलान किया था कि जब तक दिल्ली की जनता दोबारा अपना समर्थन देकर उन्हें नहीं जीताती है तब तक वह सीएम पद पर नहीं बैठेंगे। उसी ऐलान के तहत उन्होंने उपराज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपा है। साथ ही AAP विधायक दल की बैठक हुई थी। बैठक में सर्वसम्मति से आतिशी को अपना विधानमंडल दल का नेता चुना गया। हमने उपराज्यपाल से निवेदन किया है कि जल्द से जल्द शपथ की तारीख सुनिश्चित करें, जिसके तहत दिल्ली में आगे काम को बढ़ाया जा सके। शिवसेना (UBT) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि मैं आतिशी को बधाई देना चाहती हूं। मैं उम्मीद करती हूं कि दिल्ली की जनता को AAP से जो भी उम्मीदें हैं, वे उसे पूरा करेंगी। मैं उन्हें बधाई देती हूं और उनकी सफलता की कामना करती हूं। (Sanjay Singh on BJP)
सांसद अखिलेश यादव ने दी बधाई
समाजवादी पार्टी प्रमुख और लोकसभा सांसद अखिलेश यादव ने कहा कि मैं आतिशी को बधाई देता हूं, जो दिल्ली की नई मुख्यमंत्री बनी है। मुझे विश्वास है कि वह दिल्ली की जनता की भावनाओं पर खरी उतरेंगी। इधर, AAP की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने कहा कि आज दिल्ली के लिए बेहद दुखद दिन है। दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी जैसी महिला बनने जा रही है, जिसके अपने परिवार ने आतंकवादी अफजल गुरु को फांसी की सजा से बचाने के लिए लंबी लड़ाई लड़ी। उनके माता-पिता ने राष्ट्रपति को कई बार दया याचिकाएं भेजी कि अफजल गुरु निर्दोष है। उसे फांसी नहीं होनी चाहिए, वह राजनीतिक साजिश का शिकार है। यह कितना गलत है? आतिशी CM बनेंगी, लेकिन हम सभी जानते हैं कि वह सिर्फ “डमी सीएम” होंगी। फिर भी यह एक बड़ा मुद्दा है, क्योंकि वह CM होंगी और यह मामला सीधे तौर पर देश और दिल्ली की सुरक्षा से जुड़ा हुआ है। भगवान बचाए दिल्ली को ऐसी मुख्यमंत्री से। (Sanjay Singh on BJP)



