स्टार्टअप्स से ज्यादा से ज्यादा रोजगार मिले: राज्यपाल रमेन डेका

Governor Deka on Employment: राज्यपाल रमेन डेका ने दुर्ग स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय अंतर्गत गठित ग्रामीण प्रौद्योगिक और उद्यमिता फाउंडेशन के तहत किए जा रहे स्टार्टअप्स का प्रस्तुतिकरण देखा। इस दौरान उन्होंने सभी स्टार्टअप्स की सराहना करते हुए इसे आम व्यक्ति के लिए सरल और सुलभ बनाने पर बल दिया। राज्यपाल डेका ने सभी उद्यमियों के प्रस्तुत विभिन्न योजनाओं को प्रोत्साहित किया और कहा कि स्टार्टअप्स के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा युवाओं को रोजगार से जोड़ सके ऐसी योजनाएं बनाई जाएं। इसे लेकर उन्होंने उद्यमियों का मार्गदर्शन किया और उपयोगी सुझाव दिए।
यह भी पढ़ें:- साय कैबिनेट की बैठक कल, कई अहम प्रस्तावों पर लग सकती है मुहर
दरअसल, राजभवन के कॉन्फ्रेंस हॉल में उद्यमियों ने 6 स्टार्टअप्स योजनाओं का प्रस्तुतिकरण किया। विनिता पटेल ने ग्रामीण महिलाओं विशेषकर आदिवासी समुदाय की महिलाओं को ध्यान में रखते हुए फिर उपयोग में आ सकने वाले सेनेटरी पैड निर्माण की योजना बताई। करण चंद्राकर ने केले पौधे के अपशिष्ट से कपड़ा, कप-प्लेट, ईंट उत्पादन की योजना बताई। राहुल बघेल ने सौर ऊर्जा के उपयोग से आत्मनिर्भर गांव और विभिन्न कुटीर उद्योगों पर प्रस्तुतिकरण दिया। उद्यमी रविंद्र कुमार धुरंधर ने कुपोषण से पीड़ित लोगों के लिए इंस्टेट फूड उत्पाद की योजना पर अपना प्रस्तुतिकरण दिया। (Governor Deka on Employment)
इन्होंने ने दिया प्रस्तुतिकरण
अंकेश बंजारे ने आदिवासी कलाकारों को डिजिटल प्लेटफॉर्म और वैश्विक बाजार उपलब्ध कराने की योजना बताई और पुरूषोतम, अजय कुमार, सिद्धार्थ सिंह ने उच्च क्षमता वाले ड्रोन के माध्यम से कृषि फसलों की निगरानी की योजना के संबंध में प्रस्तुतिकरण दिया। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष सहकार भारती (छत्तीसगढ़) डॉ. लक्ष्मीकांत द्विवेदी ग्रामीण प्रौद्योगिकी और उद्यमिता फाउंडेशन के संचालक डॉ. आर. एन. पटेल, सीईओ अग्रांशु द्विवेदी और उद्यमी उपस्थित थे। इसके अलावा पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सच्चिदानंद शुक्ल ने भी राज्यपाल रमेन डेका से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय की गतिविधियों से राज्यपाल को अवगत कराया। (Governor Deka on Employment)



