कांग्रेस ने कवर्धाकांड को लेकर 21 सितंबर को किया छत्तीसगढ़ बंद का आह्वान, पूर्व CM ने गृहमंत्री से मांगा इस्तीफा

Bhupesh Baghel on Kawardha: कवर्धा में प्रशांत साहू की पुलिस कस्टडी में संदिग्ध मौत मामला गरमा गया है। इसे लेकर कांग्रेस ने कवर्धा में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। साथ ही 21 सितंबर को छत्तीसगढ़ बंद का आह्वान किया है। पूर्व CM भूपेश बघेल ने कहा कि प्रशांत साहू की पुलिस कस्टडी में मौत और उसकी डेड बॉडी को आधी रात ले जाना… इस प्रकरण में प्रदेश के गृह मंत्री की भूमिका संदिग्ध है। कवर्धा में नया कानून पास हो गया है कि कोई भी जनप्रतिनिधि जेल में बंदी से नहीं मिल सकता। महिलाओं को नग्न करके जेल में पीटा गया है।
यह भी पढ़ें:- PCC चीफ दीपक बैज ने मणिपुर से की छत्तीसगढ़ के इस जिले की तुलना, पुलिस और सरकार को भी घेरा
उन्होंने कहा कि प्रशांत साहू के पूरे शरीर में चोटों के निशान हैं। उसके शरीर के जख्म इस बात की गवाही दे रहे हैं कि पुलिस ने बेहद बर्बरता से मारा है। उसके भाई-मां समेत बहुत से ग्रामीणों के साथ पुलिस ने बेहद अत्याचार किया है। पुलिस का काम अपराधियों को पकड़ना है ना कि बेगुनाहों के साथ जानवरों से भी बुरा सुलूक करना। लोगों के आंसू ह्रदय को झकझोर दे रहे हैं। पुलिस की ऐसी बर्बरता छत्तीसगढ़ में कभी सुनी नहीं गई। प्रशांत साहू को पीट-पीट कर मार दिया। उसकी माता के शरीर में भी चोट के निशान होने की बात पता चली है। पुलिस की प्रताड़ना के चलते वे चल नहीं पा रही हैं। खून की उल्टियां कर रही हैं, लेकिन फिर भी उनसे कारागृह में काम करवाया जा रहा है। (Bhupesh Baghel on Kawardha)
गृहमंत्री विजय शर्मा को बर्खास्त करने की मांग
पूर्व CM ने कहा कि लोहारीडीह के ग्रामीणों और खुद इस हादसे के शिकार रघुनाथ के परिवार वालों ने बताया कि पुलिस के सामने ही यह आगजनी की घटना हुई है। इससे स्पष्ट है कि पुलिस की लापरवाही से इतनी बड़ी घटना हुई है। कुछ लोगों ने तो यह भी कहा है कि ‘रील मास्टर’ एसपी साहब भी घटना के वक्त मौके पर मौजूद थे, लेकिन वे वीडियो बनाने में व्यस्त थे। अगर पुलिस चाहती तो इस नृशंस घटना को रोक सकती थी। इसलिए हमने 21 सितंबर को छत्तीसगढ़ बंद का आह्वान किया है। पूर्व CM भूपेश बघेल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गृहमंत्री विजय शर्मा को तुरंत बर्खास्त करें। (Bhupesh Baghel on Kawardha)
कवर्धा SP पल्लव को भी बर्खास्त करने की मांग
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कवर्धा SP अभिषेक पल्लव को तुरंत बर्खास्त किया जाए। डॉक्टर की टीम बनाकर कचरू साहू का दोबारा पोस्टमार्टम किया जाए। रेंगाखार थाने की CCTV फुटेज निकाली जाए। हाईकोर्ट के सीटिंग जज से घटना की जांच कराई जाए। महिलाओं से हुई बर्बरता की जांच राज्य महिला आयोग से कराई जाए। अगर इस देश में कोई कानून का राज बचा हो, अगर देश के प्रधानमंत्री और गृहमंत्री जनता को लेकर जरा भी संवेदनशील हों तो छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री को तुरंत उसके पद से हटा देना चाहिए। छत्तीसगढ़ में कानून व्यवस्था का अंतिम संस्कार हो चुका है। (Bhupesh Baghel on Kawardha)
अंग्रेजी हुकूमत से की सरकार की तुलना
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नाबालिग से मारपीट मामले को लेकर भी तंज कसा है। उन्होंने कहा कि ‘रील मास्टर’ SP को बताना होगा कि अपने निकम्मेपन से हुई घटना का गुस्सा मासूमों पर उतारना, आखिर कैसी मर्दानगी है ? अंग्रेजी हुकूमत के नौकरों ने अपने हुक्मरान से ये हुनर सिखा है, जो आवाज उठे तो गूंगा कर दो, कोई आंख उठे उसे अंधा कर दो। प्रशांत साहू के शरीर पर उकेरे गए निशान फोटोछाप गृहमंत्री और वीडियोछाप एसपी के निकम्मेपन की खीज है। ना ये बलौदाबाजार की आग रोक पाए थे ना कवर्धा की आग रोक पाए। अब अपनी सरकार की नाकामी छिपाने ग्रामीणों को बर्बरतापूर्वक पीटा जा रहा है। (Bhupesh Baghel on Kawardha)



