मतदाता सूची की शुद्धता ही चुनाव की पारदर्शिता और निष्पक्षता का आधार: राज्य निर्वाचन आयुक्त

CG Election Commissioner: छत्तीसगढ़ के राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने स्थानीय निकायों के निर्वाचन के लिए निर्वाचक नामावली प्रेक्षकों की ब्रीफिंग में कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता ही चुनाव की पारदर्शिता और निष्पक्षता का आधार है। उन्होंने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से निर्वाचन नामावली को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के लिए विशेष ब्रीफिंग का आयोजन किया गया है, जिसका मुख्य उद्देश्य नामावली में संभावित त्रुटियों को दूर करना और सभी योग्य मतदाताओं के नाम सूची में दर्ज करना है, ताकि चुनाव निष्पक्ष औरपारदर्शी रूप से आयोजित हो सके। आयुक्त अजय सिंह ने निर्धारित समय सीमा में मतदाता सूची शुद्ध और त्रुटि पूर्ण बनाने की निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें:- कवर्धा हिंसा मामले में साय सरकार की बड़ी कार्रवाई, कलेक्टर और SP को हटाया, पढ़ें पूरी खबर
आयुक्त अजय सिंह ने सभी प्रेक्षकों से कहा कि पुनरीक्षण कार्यक्रम के विभिन्न चरणों में ERO और AERO की ओर से किए जा रहे कार्यों का समय पर निरीक्षण करते रहें और अगर आपको आवंटित जिले में पुनरीक्षण कार्यक्रम में किसी भी चरण में जिले में नियमों, निर्देशों का पालन नहीं किया जा रहा है तो इसकी सूचना संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारी और आयोग को तत्काल प्रदान कर समाधान प्राप्त करें। ब्रीफिंग में निर्वाचक प्रेक्षकों को निर्वाचन प्रक्रिया में उनकी अहम भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। प्रेक्षकों को निर्देशित किया गया कि वे मतदाता सूची की जांच और सुधार प्रक्रिया में पूरी सतर्कता बरतें। यह सुनिश्चित किया जाए कि सूची में कोई नाम दोहराया न जाए, मृत व्यक्तियों के नाम हटाए जाएं, और नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़े जाएं। (CG Election Commissioner)
आयोग की ओर से स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया की 1 जनवरी 2024 की स्थिति में 18 साल की आयु पूरा करने वाले मतदाता का नाम सूची में आवश्यक रूप से जोड़ा जाए। और जिला स्तर पर इसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। आयोग के सचिव डॉ सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने कहा कि जिला स्तर पर किसी भी प्रकार की समस्या आने पर राज्य निर्वाचन आयोग से संपर्क कर समाधान लिया जा सकता है। आयोग की ओर से जारी निर्देशों और निर्धारित प्रक्रिया का शत प्रतिशत पालन करें। साथ ही किसी भी प्रकार की वाद विवाद की स्थिति निर्मित ना हो इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि आयोग की ओर से दी गई जिम्मेदारी का गंभीरता पूर्वक पालन करें। इस अवसर पर राज्य निर्वाचन आयोग की उपसचिव डॉ. नेहा कपूर और आलोक वास्तव उपस्थित थे। (CG Election Commissioner)




