छोटी-छोटी पार्टियां BJP की B टीम: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी

Rahul Gandhi in Nuh: लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने हरियाणा के नूंह में विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि हमारा वादा है- कांग्रेस हर कीमत पर संविधान की रक्षा करेगी और हरियाणा में किसानों, गरीबों और मजदूरों की सरकार बनाएगी। कांग्रेस के लोग नफरत को मोहब्बत से मिटाते हैं। उनके दिल में मोहब्बत और भाईचारा है। इसलिए वे नफरत का जवाब मोहब्बत से देते हैं। हमने ‘नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान’ खोली है। ये संविधान बचाने का चुनाव है। देश के गरीबों, किसानों, मजदूरों को जो भी मिला है, वो संविधान ने दिया है, लेकिन BJP-RSS के लोग संविधान को खत्म करना चाहते हैं।
यह भी पढ़ें:- असम के मुख्यमंत्री हिमंत का कांग्रेस पर वार, कहा- मियां-मुसलमानों को सत्ता देगी कांग्रेस पार्टी
उन्होंने कहा कि अगर संविधान नहीं रहा तो गरीबों के हाथ में कुछ नहीं बचेगा और आपका सारा धन 20-25 लोगों के पास चला जाएगा। इसलिए कांग्रेस पार्टी हर चुनाव में संविधान बचाने की लड़ाई लड़ती है। हरियाणा के युवाओं को अमेरिका में रोजगार मिल जाएगा, लेकिन यहां रोजगार नहीं मिल सकता है। नरेंद्र मोदी बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, लेकिन ये नहीं बताते हैं कि हरियाणा बेरोजगारी में पहले नंबर पर कैसे पहुंचा। नरेंद्र मोदी अरबपतियों की सरकार चलाते हैं। वो अरबपतियों का कर्ज माफ कर देते हैं, लेकिन गरीबों और किसानों का कर्ज माफ नहीं करते। हमें बेरोजगारी और महंगाई का हरियाणा नहीं चाहिए। हमें प्रगति का हरियाणा चाहिए। (Rahul Gandhi in Nuh)
BJP-RSS के लोग पूरे देश में नफरत फैलाते हैं: राहुल
कांग्रेस सांसद ने कहा कि BJP-RSS के लोग पूरे देश में नफरत फैलाते हैं। हमें मिलकर नफरत मिटानी है, क्योंकि हिंदुस्तान नफरत का नहीं, मोहब्बत का देश है। हम इस देश में नफरत को जीतने नहीं देंगे। यहां मोहब्बत, भाईचारा और एकता जीतेगी। हरियाणा में छोटी-छोटी पार्टियां घूम रही हैं। ये BJP की B टीम हैं। इनको आप समर्थन मत दीजिए। आप कांग्रेस पार्टी को अपना वोट दीजिए और BJP की सरकार को हटाने का काम कीजिए। कांग्रेस पार्टी के शेर और शेरनियां विचारधारा की लड़ाई लड़ते हैं। आप नफरत को मोहब्बत से काटते हैं, इसलिए मैं आपको दिल से धन्यवाद करना चाहता हूं। आप मुझे शक्ति देते हैं, इसलिए मैं किसी से नहीं डरता हूं। (Rahul Gandhi in Nuh)
कांग्रेस पार्टी का चिह्न ‘अभय मुद्रा’: राहुल गांधी
सांसद राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का चिह्न ‘अभय मुद्रा’ है, जो कहता है- डरो मत। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रत्याशी भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि मेवात का इलाका भाईचारे की मिसाल है। कांग्रेस की सरकार में मेवात में विकास के कई काम हुए, लेकिन आज हरियाणा बेरोजगारी में नंबर-1 है। यहां महंगाई है और कानून व्यवस्था चरमरा चुकी है। पूरा हरियाणा आज राहुल गांधी और कांग्रेस की ओर देख रहा है। बता दें कि हरियाणा की 90 सीटों पर 5 अक्टूबर को एक साथ वोटिंग होगी। वहीं 8 अक्टूबर को नतीजे आएंगे। (Rahul Gandhi in Nuh)



