Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में नक्सल मोर्चे पर जवानों को बड़ी सफलता, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दी बधाई

CM on Naxal Encounter: नारायणपुर-दंतेवाड़ा जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षाबल के जवानों ने 36 नक्सलियों को मार गिराया है। इसे लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जवानों को बधाई दी है। CM साय ने कहा कि जवानों को मिली यह बड़ी कामयाबी सराहनीय है। उनके हौसले और अदम्य साहस को मैं नमन करता हूं। नक्सलवाद के खात्मे के लिए शुरू हुई हमारी लड़ाई अब अपने अंजाम तक पहुंचकर ही दम लेगी। इसके लिए हमारी डबल इंजन की सरकार दृढ़ संकल्पित है। प्रदेश से नक्सलवाद का खात्मा ही हमारा लक्ष्य है। नक्सलवाद के खात्मे तक हमारी यह लड़ाई जारी रहेगी।

यह भी पढ़ें:- नारायणपुर-दंतेवाड़ा मुठभेड़ में अब तक 36 नक्सली ढेर, जानें 2024 के बड़े नक्सली ऑपरेशन

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नारायणपुर-दंतेवाड़ा की सीमा में स्थित अबूझमाड़ क्षेत्र में हमारे सुरक्षाबलों और नक्सलवादियों के बीच मुठभेड़ हुई है। सर्चिंग में कई नक्सलियों के मारे जाने की जानकारी प्राप्त हुई है। सर्चिंग में एके-47 समेत कई हथियार मिले हैं। CM साय ने कहा कि मैं समझता हूं कि छत्तीसगढ़ में यह अब तक का सबसे बड़ा नक्सल ऑपरेशन हुआ है। इसके लिए मैं अपने जवानों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं और उनके साहस को मैं नमन करता हूं। उन्होंने कहा कि हम पहले से ही नक्सलियों को कहते आए हैं कि वे हिंसा का रास्ता छोड़ दें और विकास की मुख्य धारा से जुड़ें। अब हम लोग डबल इंजन सरकार के कारण मजबूती से नक्सलियों से लड़ रहे हैं। नक्सलवाद अपनी अंतिम सांस गिन रहा है। (CM on Naxal Encounter)

मार्च 2026 तक नक्सलवाद खत्म करने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं बीजापुर के दौरे पर था, जहां नक्सल हिंसा पीड़ित लोगों से मुलाकात की। इस घटना के बाद शायद उनका विश्वास और ज्यादा बढ़ गया होगा। निश्चित रूप से छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद समाप्ति की ओर अग्रसर है। CM विष्णुदेव साय ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बीते 9 महीने में नक्सलवाद की समीक्षा के लिए दो बार छत्तीसगढ़ आ चुके हैं। उनका संकल्प है कि मार्च 2026 तक पूरे देश से नक्सलवाद समाप्त हो जाए। उनकी सोच के अनुरूप हमारे जवान छत्तीसगढ़ में भी नक्सलवादियों से मुकाबला कर रहे हैं। बता दें कि छत्तीसगढ़ में BJP की सरकार आने के बाद से नक्सलियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिए गए हैं। (CM on Naxal Encounter)

Back to top button
error: Content is protected !!