Google Analytics —— Meta Pixel

हादसे में कट गए थे दोनों पैर, साय सरकार की विशेष स्वास्थ्य योजना से बच गई जान

CG Special Health Plan: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार स्वास्थ्य के क्षेत्र में कुशल स्वास्थ्य प्रबंधन और त्वरित इलाज को प्राथमिकता देने का लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना की मदद से जरूरतमंद लोगों को मदद मिल रही है। इसी कड़ी में 5 जुलाई को कोंडागांव से रायपुर आ रहे 25 साल के शिराज हुसैन की बाइक ट्रक से दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। दुर्घटना में शिराज के दोनों पैर ट्रक के नीचे आ गए थे। उसके परिवार की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि वो एक निजी अस्पताल में भर्ती कर उसके इलाज का खर्च उठा सकें। गंभीर रूप से घायल शिराज को राज्य सरकार की ओर से संचालित मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना से इलाज के लिए 10 लाख रुपए की मदद दी गई।

यह भी पढ़ें:- वन्य जीवों के रहवास के लिए छत्तीसगढ़ के वन क्षेत्र सबसे उपयुक्त: कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप

इस आर्थिक मदद से शिराज हुसैन का बेहतर इलाज संभव हो पाया और उसकी जान बच सकी। हालांकि दुर्घटना के बाद 90 फीसदी इन्फेक्शन से ग्रसित शिराज की जान बचाने के लिए डॉक्टरों को उसके दोनों पैर काटने पड़े। शिराज की शादी 6 महीने पहले ही हुई थी। उसका ससुराल रायपुर में है। हादसे के दिन वो कोंडागांव से रायपुर अपने ससुराल ही आ रहा था। इसी दौरान अभनपुर के पास वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। शिराज हुसैन के इलाज के दौरान दो बार इन्पुटेशन ग्राफ्टिंग डिब्राइटमेंट फ्लेप सर्जरी की गई। इसकी वजह से उसकी जान बचाई जा सकी है। शिराज हुसैन की कुछ दिनों बाद ही अस्पताल से छुट्टी हो जाएगी। (CG Special Health Plan)

स्वास्थ्य मंत्री के माध्यम से मिली मदद

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से दुर्घटनाग्रस्त शिराज हुसैन के परिजनों ने बेहतर इलाज की मांग की थी। मंत्री जायसवाल ने मरीज के परिजनों को मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के बारे में जानकारी देते हुए आवेदन करने को कहा, जिसके बाद इलाज के लिए 10 लाख रुपए की सहायता प्राप्त हुई। शिराज हुसैन के परिजनों ने दुर्घटना के बाद उसके बचने की आस छोड़ ही दी थी, लेकिन मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना की मदद के माध्यम से वो अब पूरी तरह स्वस्थ है और कुछ दिनों में अपने घर पहुंच जाएगा। इसके लिए परिवार वालों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का आभार जताया है। (CG Special Health Plan)

Back to top button
error: Content is protected !!