Google Analytics —— Meta Pixel

Assembly Election Results : हरियाणा में रिजल्ट से पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जोश हाई, J&K- में कौन मारेगा बाजी? थोड़ी देर में शुरू होगी काउंटिंग

Assembly Election Results : हरियाणा की सभी 90 सीटों के लिए वोटिंग की गिनती सुबह आठ बजे से शुरू होगी। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतगणना स्थलों पर तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों पर कुल 1,031 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें से 464 निर्दलीय और 101 महिलाएं शामिल हैं। इन सीटों पर पांच अक्टूबर को एक ही चरण में मतदान हुआ था। इस चुनाव में मुख्य पार्टियां भाजपा, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (आप), इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो), बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और जननायक जनता पार्टी (जजपा)-आजाद समाज पार्टी (आसपा) हैं।

यह भी पढ़ें:- पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने किया अस्पताल का उद्घाटन, स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल भी रहे मौजूद

क्या सच होगी एग्जिट पोल की भविष्यवाणी
एक्जिट पोल्स कांग्रेस (Congress) की सरकार बना रहे हैं और भाजपा (BJP) काफी पिछड़ती नजर आ रही हैं. एक्जिट पोल्स के अनुसार, पिछले 10 सालों से सत्ता से दूर रही कांग्रेस इस बार भारी बहुमत से सत्ता में वापसी करने जा रही है. वहीं आप (AAP), जेजेपी (JJP) और आईएनएलडी (INLD) तीनों मिलाकर भी दहाई का आंकड़ा पार करते नजर नहीं आ रहे हैं।

सीएम नायब सैनी का दावा- प्रदेश में बनाएंगे सरकार
हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने वोटों की गिनती शुरू होने से पहले फिर सरकार बनाने का दावा किया है। सीएम ने कहा कि बीजेपी ने लोगों के विकास के लिए काम किया है। हमें अपनी जीत का पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी को प्रदेश की जनता का आशीर्वाद मिलेगा। (Assembly Election Results)

कांग्रेस में जाट बनाम दलित है मुकाबला?
विधानसभा चुनाव के रिजल्ट आने से पहले कांग्रेस के भीतर सीएम पद के दावेदारों को लेकर चर्चा तेज है। जाट समुदाय से आने वाले हुड्डा हरियाणा में कांग्रेस के सबसे बड़े नेता के रूप में देखे जाते हैं। संगठन, कार्यकर्ताओं से जुड़ाव, लोकप्रियता, प्रशासनिक अनुभव और राजस्थान एवं हरियाणा में जाट समुदाय का कांग्रेस के प्रति झुकाव, कुछ ऐसे फैक्टर हैं, जो हुड्डा की दावेदारी को प्रबल बनाते हैं। दूसरी तरफ, लोकसभा चुनाव में दलित समुदाय के एक बड़े हिस्से का कांग्रेस को समर्थन, राहुल गांधी द्वारा सामाजिक न्याय एवं संविधान के प्रति बार-बार प्रतिबद्धता जताना, दलित महिला को मुख्यमंत्री बनाने के राष्ट्रव्यापी संदेश, कुछ ऐसे कारक हैं, जो सैलजा की दावेदारी को पुख्ता बनाते हैं।

इनेलो गठबंधन भी कर रहा दावा
इनेलो-बसपा गठबंधन ने भी दावा किया है कि नतीजे घोषित होने के बाद वह अगली सरकार बनाएगा। वहीं, जजपा नेता दुष्यंत चौटाला ने विश्वास जताया है कि उनके गठबंधन को जीत मिलेगी। हरियाणा में अपने बलबूते चुनाव लड़ने वाली आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल दावा करते रहे हैं कि उनकी पार्टी के समर्थन के बिना हरियाणा में कोई सरकार नहीं बन सकती।

कांग्रेस से किसकी दावेदारी मजबूत
हुड्डा और सैलजा के साथ ही कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला भी कुछ हफ्ते पहले तक मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शामिल थे, लेकिन अब चर्चा हुड्डा और सैलजा के इर्द-गिर्द ही सिमट कर रह गई है। कांग्रेस आलाकमान के लिए हुड्डा और सैलजा में से किसी एक को चुनना बड़ी चुनौती होगी, क्योंकि दोनों के साथ अपने-अपने राजनीतिक समीकरण और दूरगामी निहितार्थ जुड़े हैं।

J-K में पोस्टल बैलेट की गिनती 7.30 बजे से
जम्मू कश्मीर में पोस्टल बैलेट की गिनती सुबह 7.30 बजे शुरू होगी. ये 8 बजे तक जारी रहेगी. (Assembly Election Results)

Back to top button
error: Content is protected !!