हरियाणा के 48 सीटों पर BJP को मिली जीत, 57 साल का तोड़ा रिकॉर्ड

Haryana Election Result 2024: हरियाणा में BJP ने लगातार तीसरी बार सरकार बनाते हुए इतिहास रच दिया है। भारतीय जनता पार्टी ने 90 में से 48 सीटों पर जीत दर्ज की है। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को एक बार फिर स्पष्ट बहुमत देने के लिए मैं हरियाणा की जनशक्ति को नमन करता हूं। यह विकास और सुशासन की राजनीति की जीत है। मैं यहां के लोगों को विश्वास दिलाता हूं कि उनकी आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए हम कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे। इस महाविजय के लिए अथक परिश्रम और पूरे समर्पण भाव से काम करने वाले अपने सभी कार्यकर्ता साथियों को भी मेरी बहुत-बहुत बधाई! आपने ना केवल राज्य की जनता-जनार्दन की भरपूर सेवा की है, बल्कि विकास के हमारे एजेंडे को भी उन तक पहुंचाया है। इसी का नतीजा है कि भाजपा को हरियाणा में यह ऐतिहासिक जीत हासिल हुई है।
यह भी पढ़ें:- कांग्रेस के लोगों ने हर तरह से झूठ फैलाने की कोशिश की, जनता ने उनकी एक नहीं सुनी: नड्डा
पूर्व मुख्यमंत्री और हिमाचल प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि हरियाणा की जीत ऐतिहासिक जीत है…कल एग्जिट पोल के अनुसार हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनने वाली थी और कांग्रेस के लोग इस कदर आश्वस्त थे कि उन्हें 60 से अधिक सीट मिलेगी। लेकिन आज जब वोटों की गिनती हुई। बीजेपी की ऐतिहासिक जीत हुई… आज लगातार वहां पर तीसरी बार बीजेपी की शानदार जीत हुई है। बहुमत के साथ जीत हुई है मैं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और राज्य को बधाई देता हूं। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हरियाणा में जो 10 सालों तक डबल इंजन सरकार ने काम किया। उनके नेतृत्व में अनेक योजनाएं गरीबों, युवाओं, किसानों और मातृशक्ति के लिए लाई गईं, उनका परिणाम है कि हरियाणा में फिर से तीसरी बार लोगों ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार बनाई है।
भ्रष्टाचार को समाप्त करने का अभियान: बाबूलाल
उन्होंने कहा कि हरियाणा निश्चित रूप से तेजी से विकास की ओर आगे बढ़ेगा…मैं सभी को बधाई देता हूं…जम्मू-कश्मीर में कठीन परिस्थितियों में भी भाजपा ने अच्छा प्रदर्शन किया है और लोगों ने भी समर्थन दिया है। झारखंड भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि हरियाणा की जनता ने प्रधानमंत्री मोदी पर विश्वास किया है और भरोसा जताया है। प्रधानमंत्री मोदी की जो गरीब कल्याण योजना हैं, भ्रष्टाचार को समाप्त करने के जो अभियान है, जनता ने उस पर मुहर लगाई है…और प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत बनाने के अभियान को मजबूती प्रदान की है। भाजपा नेता सतीश पूनिया ने कहा कि इस जीत का श्रेय तीन पक्षों को जाता है-हरियाणा की जनता, बीजेपी का केंद्र नेतृत्व जिसमें पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा हैं और पार्टी के सभी सदस्य जिन्होंने टीम में काम किया और एक अच्छी रणनीति के जरिए जीत हासिल की…ये सभी की जीत है।



