Google Analytics —— Meta Pixel

हमारे समाज में जाति का जहर फैला रहे कांग्रेसी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

PM on Haryana Election: हरियाणा में जीत की हैट्रिक लगाने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा में झूठ की घुट्टी पर विकास की गारंटी भारी पड़ी है। हरियाणा की जनता ने नया इतिहास रच दिया है। हरियाणा में अब तक 13 चुनाव हुए हैं। इनमें से 10 चुनाव में हरियाणा के लोगों ने हर 5 साल के बाद सरकार बदली, लेकिन इस बार हरियाणा के लोगों ने जो किया है, वो अभूतपूर्व है। पहली बार ऐसा हुआ है कि 5-5 साल के दो कार्यकाल पूरा करने वाली किसी सरकार को हरियाणा में फिर से मौका मिला है। भाजपा दुनिया का सिर्फ सबसे बड़ा दल ही नहीं है।

यह भी पढ़ें:- बीजेपी ने कांग्रेस के कुशासन से मुक्ति दिलाई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

PM मोदी ने कहा कि भाजपा सबसे ज्यादा दिलों में भी बसी हुई है। हरियाणा में जनता ने विकास के मुद्दे पर भाजपा की हैट्रिक लगाई। भाजपा ने कांग्रेस के कुशासन से मुक्ति दिलाई, इसलिए गुजरात और मध्य प्रदेश की जनता दो दशक से भी ज्यादा समय से अपना आशीर्वाद बनाए हुए है। देश के ज्यादातर राज्यों के लोगों ने कांग्रेस के लिए No Entry का बोर्ड लगा दिया है। पहले कांग्रेस सोचती थी कि वो चाहे काम करे या न करे, लोग तो उसको वोट देंगे ही, लेकिन अब कांग्रेस की पोल खुल चुकी है। उसका डिब्बा गोल हो चुका है। कांग्रेस सत्ता को अपना जन्मसिद्ध अधिकार मानती है। (PM on Haryana Election)

कांग्रेस की हालत जल बिन मछली जैसी: PM मोदी

उन्होंने कहा कि सरकार में न रहने पर कांग्रेस की हालत जल बिन मछली जैसी हो जाती है। इसलिए वो सरकार में आने के बाद देश और समाज को दांव पर लगाने से नहीं हिचकती। आज पूरा देश देख रहा है कि कैसे कांग्रेस हमारे समाज में जाति का जहर फैलाने पर उतर आई है, जो लोग सोने का चम्मच मुंह में लेकर पैदा हुए, वो गरीब को जाति के नाम पर लड़वाना चाहते हैं। हमारे दलित, पिछड़े और आदिवासी समाज को भूलना नहीं है कि ये कांग्रेस ही है, जिसने उनपर सबसे ज्यादा अत्याचार किया है। ये कांग्रेस है, जिसने उन्हें इतने दशकों तक रोटी, पानी, मकान से वंचित रखा। (PM on Haryana Election)

कांग्रेस को पिछड़ों और आदिवासियों से नफरत: PM 

PM मोदी ने कहा कि कांग्रेस का परिवार दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों से नफरत करता है, उनसे चिढ़ता है। आज जब दलित, पिछड़े, आदिवासी शीर्ष स्थान पर जा रहे हैं, तो इनके पेट में चूहे दौड़ने लगते हैं। कांग्रेस के इस शाही परिवार ने तो डंके की चोट पर कहा कि वो आरक्षण खत्म कर देंगे। दलितों और पिछड़ों का आरक्षण छीनकर कांग्रेस अपने वोटबैंक को देना चाहती थी। हरियाणा में भी वो यही करने जा रही थी। कांग्रेस, भारत के समाज को कमजोर करके, भारत में अराजकता फैलाकर देश को कमजोर करना चाहती है। इसलिए वो अलग-अलग वर्गों को भड़का रहे हैं, लगातार आग लगाने की कोशिश कर रहे हैं। देश ने देखा कि कैसे किसानों को भड़काने का प्रयास हुआ, लेकिन हरियाणा के किसानों ने उन्हें करारा जवाब दिया कि वो देश के साथ हैं। (PM on Haryana Election)

देश की जनता भाजपा के साथ हैं: PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भाजपा के साथ हैं। मैंने विकसित भारत के लिए 4 स्तंभों की बार-बार चर्चा की है। ये 4 स्तंभ हैं – किसान, युवा, महिलाएं और गरीब। जम्मू-कश्मीर हो या हरियाणा, हम इन्हीं चार स्तंभों के विकास के बलबूते पर विकसित भारत बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। इनको सशक्त करना ही भाजपा की प्राथमिकता है। देश के कोने-कोने में आज भाजपा जो कुछ भी है, उसके मूल में भाजपा के कार्यकर्ता हैं, उनका परिश्रम है, उनकी त्याग और तपस्या है। इसलिए अपने कार्यकर्ताओं के प्रति अहोभाव व्यक्त करना स्वाभाविक है। टीम स्पिरिट के साथ कंधे से कंधा मिलाकर, कदम से कदम मिलाकर लक्ष्य की ओर बढ़ते जाने वाले भाजपा कार्यकर्ता न रुकने वाले हैं, न थकने वाले हैं और झुकने का तो सवाल ही नहीं है। (PM on Haryana Election)

Back to top button
error: Content is protected !!