US President Elections : अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव आज, दांव पर है डोनाल्ड ट्रंप और कमला हैरिस की साख
Donald Trump vs Kamala Harris : अमेरिका में 47वें राष्ट्रपति चुनाव के लिए आज वोटिंग होने जा रही है. भारत के समयानुसार अमेरिका में शाम को (5 नवंबर) को मतदान शुरू होंगे. इन चुनावों में पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उपराष्ट्रपति कमला हैरिस आमने सामने हैं. अभी तक जितने भी सर्वेक्षण किए गए हैं दोनों ही में उम्मीदवारों के बीच कांटे की टक्कर होने की आशंका जताई जा रही है. विशेषज्ञों की माने तो अमेरिकी इतिहास में पहले कभी भी इतना करीबी मुकाबला नहीं हुआ है।
आपको बता दें कि कमला हैरिस के साथ उप-राष्ट्रपति पद के लिए मिनेसोटा के गवर्नर टिम वाल्ज मैदान में उतरे हैं. वहीं, दूसरी तरफ डोनाल्ड ट्रंप के साथ जेडी वेंस वाइस प्रेसिडेंट की कुर्सी के लिए अपना दावा ठोक रहे हैं. अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोटिंग की प्रक्रिया करीब 20 दिन तक चलेगी. डाक के जरिये मतपत्र स्वीकार करने की 17 राज्यों में 25 नवंबर आखिरी तारीख है।
हैरिस जीतीं तो तीसरे विश्वयुद्ध का खतरा: ट्रंप
मतदान से पहले कुछ घंटों तक दोनों मतदाताओं को अपने-अपने पक्ष में करने की भरसक कोशिश करते दिखाई दिए। ट्रंप ने आगाह किया है कि हैरिस जीतीं तो तीसरे विश्वयुद्ध का खतरा है जिसमें दुनिया नष्ट हो जाएगी। कमला हैरिस जीतती हैं तो वह भारतीय मूल के लोगों के लिए गर्व का बड़ा विषय होने के साथ ही इतिहास बदलने वाला जनादेश होगा। करीब 235 वर्षों राष्ट्रपति चुनावों के इतिहास में पहला मौका होगा जब कोई महिला अमेरिका की राष्ट्रपति बनेगी।
ट्रंप और हैरिस के बीच कड़ा मुकाबला
प्रचार के अंतिम दिन कमला हैरिस ने अश्वेत और अरब मूल के मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए प्रयास किए। जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी डोनाल्ड ट्रंप ने पेनसिल्वेनिया की रैली में खुद पर हमले के लिए सहानुभूति प्राप्त करने की कोशिश की। ओपिनियन पोल जता रहे हैं कि दोनों प्रत्याशियों के बीच कड़ा मुकाबला है। (Donald Trump vs Kamala Harris)
7.7 करोड़ मतदाता कर चुके मतदान
60 वर्षीय कमला को हर वर्ग की महिलाओं के बड़े हिस्से का समर्थन मिल रहा है तो 78 वर्षीय ट्रंप को लैटिन अमेरिकी देशों से संबंधित मतदाताओं और पुरुषों का बड़ा वर्ग समर्थन दे रहा है। मंगलवार को मतदान की निर्धारित तिथि से पहले ही अमेरिका के 7.7 करोड़ मतदाता वैकल्पिक तरीकों से मतदान कर चुके हैं। (Donald Trump vs Kamala Harris)



