छत्तीसगढ़ में 14 नवंबर से होगी धान खरीदी, ट्रायल रन समेत सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश

Paddy Purchase in Chhattisgarh: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 14 नवंबर से राज्य में किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की चाक-चौबंद व्यवस्था के निर्देश सभी जिलों के कलेक्टर्स को दिए हैं। ऐसे में कलेक्टरों के मार्गदर्शन में सहकारिता, मार्कफेड और खाद्य विभाग की ओर से सभी तैयारियां तेजी पूरी की जा रही है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी धान उपार्जन केंद्रों में किसानों की सुविधा के लिए बारदानों की व्यवस्था, फड़, चबूतरा, पीने का पानी, किसानों के बैठने की छायादार व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी जिलों के कलेक्टरों को धान खरीदी केंद्रों की व्यवस्था का औचक निरीक्षण करने को भी कहा है। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों की बैठक लेकर उन्हें इस संबंध में आवश्यक निर्देश भी दिए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें:- शिक्षा सचिव सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी ने निभाई टीचर की भूमिका, वनांचल क्षेत्र के स्कूलों का किया निरीक्षण
इसी सिलसिले में सहकारिता आयुक्त कुलदीप शर्मा ने सहकारिता विभाग के राज्य स्तर से लेकर जिला स्तर के अधिकारियों की संयुक्त वर्चुअल बैठक ली। उन्होंने जिला पंजीयक और मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला सहकारी केंद्रीय बैंक को धान खरीदी की अग्रिम तैयारियों के संबंध में कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी और बैंक धान खरीदी के संबंध में अपनी जिम्मेदारी को समयानुसार पूरा करें। धान उपार्जन केंद्रों से बारदानों की व्यवस्था, फड़, चबूतरा, पीने का पानी, किसानों के बैठने की छायादार स्थान सुनिश्चित किया जाना चाहिए। धान की सुरक्षा के लिए पर्याप्त ड्रेनेज और तारपोलिन की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए। धान बेचने के लिए केंद्र में आने वाले किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। (Paddy Purchase in Chhattisgarh)
सहकारिता आयुक्त शर्मा ने सभी समितियों में CCTV कैमरे लगाने के लिए उचित जगह का चयन करने को कहा, ताकि संपूर्ण परिसर कवर हो सके। उन्होंने ट्रायल रन के साथ-साथ सभी अग्रिम तैयारी पूरा करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को धान खरीदी नीति अनुसार स्टेक लगाने, सभी समितियों को उचित संख्या में ही टोकन जारी करने के निर्देश दिए। मौसम खराब होने या बारिश होने की स्थिति में किसी तरह की अव्यवस्था उत्पन्न न हो, इसको ध्यान में रखते हुए अग्रिम तैयारी सुनिश्चित की जाए। सहकारिता आयुक्त ने बैंक अधिकारियों को बैंकों में उपलब्ध माइक्रो एटीएम समितियों को उपलब्ध कराने को कहा, ताकि किसानों को इससे राशि आहरण की व्यवस्था सुनिश्चित हो सके। (Paddy Purchase in Chhattisgarh)

उन्होंने अधिकारियों को सभी समितियों में दौरा कर वहां की व्यवस्था का मुआयना करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 14 नवंबर से लेकर 31 जनवरी 2025 तक समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन किया जाएगा। इस अवधि में व्यवस्था से जुड़े अधिकारी न तो अनावश्यक रूप से अवकाश पर जाएंगे न ही मुख्यालय से बाहर रहेंगे। बैठक में अपर पंजीयक एस.के. जोशी, प्रबंध संचालक अपेक्स बैंक के.एन काण्डे, ओएसडी अविनाश श्रीवास्तव, संयुक्त पंजीयक संदीप गुप्ता समेत अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। बता दें कि छत्तीसगढ़ में हर बार राज्य स्थापना दिवस यानी 1 नवंबर से धान की खरीदी शुरू हो जाती थी, लेकिन इस बार धान खरीदी 14 दिन बाद शुरू हो गई है, जिसे लेकर कांग्रेस सरकार पर लगातार किसान विरोधी होने का आरोप लगा रही है। (Paddy Purchase in Chhattisgarh)



