शराबबंदी कभी बीजेपी का मुद्दा था ही नहीं: पूर्व मंत्री और विधायक अजय चंद्रकार

Ajay Chandrakar on Congress: छत्तीसगढ़ में कांग्रेस शराब प्रेमियों के लिए लॉन्च की गई मनपंसद एप का विरोध कर रही है। साथ ही सरकार पर कई तरह के आरोप भी लगाए हैं, जिसका डिप्टी CM अरुण साव ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल ने मुख्यमंत्री रहते हुए घर-घर शराब पहुंचाने का काम किया। शराब घोटाला किया, लेकिन हमने अवैध शराब को रोकने के लिए इस तरह का कदम उठाया है। वहीं पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक अजय चंद्रकार ने कहा कि अच्छा है, नकली माल से लोग बचेंगे और असली माल पिएंगे। शराबबंदी कभी बीजेपी का मुद्दा नहीं था। शराबंदी कांग्रेस का मुद्दा था।
यह भी पढ़ें:- सरकार गली-गली तक शराब पहुंचाने में लगी: PCC चीफ दीपक बैज
भाजपा विधायक चंद्राकर के बयान पर PCC चीफ दीपक बैज ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि डॉ रमन सिंह जब मुख्यमंत्री थे कहते थे शराबबंदी सिर्फ 2 कदम दूर है। विधानसभा में जवाब देते थे, लेकिन शराबबंदी से सरकार कई किलोमीटर दूर निकल चुकी है। इन लोगों के संतरी से लेकर प्रधानमंत्री तक चुनाव में शराबबंदी की बात कह रहे थे, लेकिन सरकार अब गली-गली तक शराब पहुंचाने में लगी है। पूर्व CM भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा कह रही है कि हम ‘बढ़िया से बढ़िया’ शराब लोगों को पिलाएंगे। स्कूल बंद, स्कॉच शुरू योजना के अंतर्गत भाजपा का अब नया नारा है- ‘हमने बनाया है…हम ही पिलाएंगे’। (Ajay Chandrakar on Congress)
प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने भी किया पलटवार
वहीं भाजपा प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने कहा कि भूपेश बघेल को यह याद रखना चाहिए कि कांग्रेस के शासनकाल में शराब के दो काउंटर चलते थे। एक वैध और दूसरा अवैध। शराब घोटाला और हजारों करोड़ रुपए के घोटाले करने वाले कांग्रेस नेताओं को ऐसी टिप्पणियां करने पर शर्म महसूस करनी चाहिए। यह सब करके कांग्रेस की भूपेश सरकार सरकारी खजाने तक को लूटकर गई। अब भारतीय जनता पार्टी चाहती है कि सब कुछ वैध हो, पारदर्शी हो, ऑनलाइन हो और किसी भी प्रकार से राजस्व की हानि न हो। इस नेक इरादे से शुरू किए गए एप पर कांग्रेस प्रलाप कर रही है। (Ajay Chandrakar on Congress)



