Google Analytics —— Meta Pixel

Manipur Violence: हिंसा की आग से दहल उठा मणिपुर, हालात बेकाबू, रैलियां छोड़ दिल्ली रवाना हुए अमित शाह

Manipur Violence: मणिपुर के जिरीबाम में छह लोगों के शव बरामद होने के बाद इंफाल घाटी में हुए हिंसक प्रदर्शन के बाद यहां स्थिति शांत, लेकिन तनावपूर्ण बनी हुई है। इसी के साथ घाटी में अनिश्चितकाल के लिए कर्फ्यू लगा दिया गया है और इंटरनेट सेवाएं भी निलंबित कर दी गई हैं। मणिपुर के जिरीबाम जिले में दो महिलाओं और एक बच्चे के शव बराक नदी से शनिवार को बरामद किए गए जबकि एक महिला एवं दो बच्चों के शव शुक्रवार रात मिले। ऐसा आरोप है कि उग्रवादियों ने ही अपहरण के बाद इनकी हत्या की है।

यह भी पढ़े :- आप को बड़ा झटका: दिल्ली सरकार पर आरोप लगाकर मंत्री कैलाश गहलोत ने छोड़ी पार्टी, केजरीवाल को भेजी चिठ्ठी

इसी बीच महाराष्ट्र में केंद्रीय मंत्री अमित शाह की सभी रैलियां रद्द हो गई हैं. केंद्रीय गृह मंत्री नागपुर से दिल्ली के लिए रवाना हो चुके हैं. दरअसल, शाह आज महाराष्ट्र में चार जनसभाओं को संबोधित करने वाले थे लेकिन अचानक से ये खबर सामने आई है. जानकारी के मुताबिक, मणिपुर हिंसा (Manipur Violence) की वजह से उनका यह चुनावी दौरा रद्द हो गया. शाह लगातार मणिपुर के हालात पर नजर रखें हैं और उच्चाधिकारियों से अपडेट ले रहे हैं.

दरअसल, जिरीबाम जिले में सुरक्षाबलों और उग्रवादियों के बीच सोमवार को मुठभेड़ हुई थी जिसके बाद से राहत शिविर में रहने वाली तीन महिलाएं और तीन बच्चे लापता हो गए थे। इस मुठभेड़ में 10 उग्रावादी भी मारे गए थे। इंफाल घाटी में एक दिन पहले लोगों ने इस हत्या के विरोध में हिंसक प्रदर्शन किए और राज्य के तीन मंत्रियों तथा छह विधायकों के आवास पर भी हमला किया।

पुलिस ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के दामाद एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक आर के इमो सहित तीन विधायकों के घरों में तोड़फोड़ की और उनकी संपत्तियों में आग लगा दी। वहीं, सुरक्षाबलों ने इंफाल के विभिन्न हिस्सों में प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े।

एक अधिकारी ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने मंत्री सपाम रंजन, एल सुसिंद्रो सिंह और वाई खेमचंद के आवास पर हमला किया। उन्होंने बताया कि इंफाल घाटी में ‘‘कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए’’ इंफाल पूर्व एवं पश्चिम, बिष्णुपुर, थौबल और काकचिंग जिले में अनिश्चितकाल के लिए कर्फ्यू लगा दिया गया है। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि मणिपुर के मंत्रियों और विधायकों के आवासों पर प्रदर्शनकारियों के धावा बोलने के बाद प्रशासन ने सात जिलों में इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित कर दी हैं।

इंफाल घाटी के नागरिक समाज संगठनों का प्रतिनिधित्व करने वाली शीर्ष संस्था ‘‘मणिपुर अखंडता पर समन्वय समिति’’ (सीओसीओएमआई) ने उग्रवादियों पर 24 घंटे के भीतर सैन्य कार्रवाई करने की मांग की है। अधिकारियों ने बताया कि उग्रवादियों ने रात में जिरीबाम कस्बे में कम से कम दो चर्च और तीन घरों को आग के हवाले कर दिया।

जिरीबाम में सुरक्षाकर्मियों के साथ मुठभेड़ में मारे गए कुकी-जो समुदाय के 10 युवकों के शव शनिवार को असम के सिलचर शहर से विमान द्वारा चुराचांदपुर लाए गए। असम के सिलचर में इनका पोस्टमार्टम किया गया था। (Manipur Violence)

Back to top button
error: Content is protected !!