मणिपुर में सरकार से NPP ने समर्थन लिया वापस, क्या खतरे में है BJP सरकार? समझें विधानसभा का गणित

Manipur Violence: मणिपुर में एक बार फिर से हिंस भड़क उठी है. इसका असर अब वहां की राजनीति पर भी दिखने लगा है. एन. बीरेन सिंह की अगुआई वाली भाजपा सरकार के सामने अब नई चुनौती आ गई है. सहयोगी नेशनल पीपुल्स पार्टी (NPP) ने मणिपुर सरकार से समर्थन वापस लेने का ऐलान कर दिया है. NPP सुप्रीमो और मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को पत्र लिखकर समर्थन वापसी का ऐलान किया है. अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि NPP की समर्थन वापसी से एन. बीरेन सिंह सरकार पर क्या असर पड़ेगा.
यह भी पढ़े :- Chhattisgarh Sports : खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने छत्तीसगढ़ सरकार प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री साय
मणिपुर में आशांति (Manipur Violence) के बीच राजनीतिक कोलाहल भी बढ़ गया है. बीजेपी की सहयोगी NPP के समर्थन वापसी से माहौला गरमा गया है. बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को लिखी चिट्ठी में NPP के अध्यक्ष कॉनराड संगमा ने तत्काल सपोर्ट वापस लेने की बात कही है. एनपीपी ने कहा, ‘मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह की नेतृत्व वाली मणिपुर सरकार राज्य में जातीय हिंसा को कंट्रोल करने और सामान्य स्थिति बहाल करने में नाकाम रही है. मौजूदा स्थिति को ध्यान में रखते हुए NPP ने तत्काल प्रभाव से मणिपुर में एन. बीरेन सिंह की सरकार से अपना समर्थन वापस लेने का फैसला किया है.
अब सवाल ये है कि एनपीपी के समर्थन वापस लेने के बाद क्या मणिपुर में एन बीरेन सिंह सरकार खतरे में आ गई है? तो इसका जवाब है नहीं. अगर 2022 में हुए मणिपुर विधानसभा चुनाव के नतीजों पर नजर डालें तो, बीजेपी ने 32, कांग्रेस ने 5, जदयू ने 6, नागा पीपुल्स फ्रंट ने 5 और कॉनराड संगमा की नेशनल पीपुल्स पार्टी ने 7 सीटें जीती थीं. इसके अलावा कुकी पीपुल्स एलायंस ने 2 और 3 सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशी जीते थे.

दरअसल, 60 सदस्यीय मणिपुर विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 31 है और बीजेपी के पास खुद के 32 विधायक हैं. 2022 में विधानसभा चुनाव के कुछ समय बाद, जेडीयू के 6 में से 5 विधायक औपचारिक रूप से भगवा पार्टी में शामिल हो गए, जिससे असेंबली में बीजेपी के सदस्यों की संख्या 37 हो गई. इस प्रकार मणिपुर में मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के पास अपने दम पर बहुमत है. एनपीपी के 7 विधायकों द्वारा समर्थन वापस लेने के बाद भी सरकार अस्थिर नहीं होगी.
दरअसल, एक ही परिवार के छह लोग- तीन महिलाएं और तीन बच्चे क्षेत्र में 11 नवंबर की हिंसा के बाद जिरीबाम के बोरोबेक्रा क्षेत्र से लापता हो गए थे. सभी छह लोग मैतेई समुदाय से हैं और जून में इलाके में हिंसा भड़कने के बाद बोरोबेक्रा पुलिस स्टेशन में स्थापित एक राहत शिविर में रह रहे थे. मैतेई समूह आरोप लगा रहे हैं कि उनका अपहरण हथियारबंद हमार लोगों ने किया है, जो कथित तौर पर उग्रवादी हैं, जिन्होंने 11 नवंबर की सुबह बोरोब्रेका पुलिस स्टेशन पर हमला किया था. (Manipur Violence)
दिल्ली में हाईलेवल मीटिंग
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मणिपुर में सुरक्षा स्थिति की रविवार को समीक्षा की और शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों को राज्य में शांति सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठाने का निर्देश दिया. अमित शाह ने महाराष्ट्र में अपनी चुनावी रैलियां रद्द करके लौटने के तुरंत बाद यह बैठक की है. सूत्रों ने बताया कि गृह मंत्री ने शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों के साथ मणिपुर में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की और उन्हें शांति सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठाने का निर्देश दिया. यह कदम ऐसे समय उठाया गया है, जब मणिपुर में महिलाओं और बच्चों के शव बरामद होने के बाद विरोध प्रदर्शन और हिंसा के कारण स्थिति अस्थिर बनी हुई है. मणिपुर पिछले साल मई से ही जातीय संघर्ष से जूझ रहा है. (Manipur Violence)



