Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में धान खरीदी का आंकड़ा 3 लाख टन के पार, किसानों को 72 घंटे में मिल रहा धान का दाम

Chhattisgarh Paddy Purchase: खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर छत्तीसगढ़ में 14 नवंबर से धान खरीदी का महाअभियान शुरू हो चुका है। 14 नवंबर से अब तक सिर्फ तीन दिन की खरीदी में राज्य में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन का आंकड़ा 3 लाख टन के पार पहुंच गया है। मंत्री बघेल ने कहा कि धान खरीदी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ प्रदेश के पंजीकृत किसानों से 2739 उपार्जन केंद्रों में समर्थन मूल्य पर धान खरीद रही है। चालू विपणन वर्ष में 160 लाख टन धान उपार्जन का अनुमान है।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ जल्द बनेगा ओडीएफ प्लस में मॉडल स्टेट: डिप्टी CM विजय शर्मा

उन्होंने कहा कि देव दीवाली 14 नवंबर से शुरू हुए धान खरीदी महापर्व के 6वें दिन तक 3.09 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी हो चुकी है। राज्य के 68,668 किसान अब तक धान बेच चुके हैं। धान खरीदी के एवज में किसानों को बैंक लिंकिंग व्यवस्था के तहत 502.53 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया है। धान खरीदी का यह महाअभियान 31 जनवरी 2025 तक चलेगा। खाद्य मंत्री बघेल ने बताया कि प्रदेश के विभिन्न जिलों में 19 नवंबर को 20,296 किसानों से 93 हजार 581 मीट्रिक टन धान की खरीदी हुई है। राज्य में धान बेचने के लिए इस साल 27.68 लाख किसानों का पंजीयन हुआ है, जिसमें 1.42 लाख नए किसान शामिल है। उन्होंने बताया कि 19 नवंबर के लिए कुल 23791 टोकन जारी किए गए थे। (Chhattisgarh Paddy Purchase)

20 नवंबर के लिए 19 हजार 934 टोकन जारी

20 नवंबर के लिए 19 हजार 934 टोकन जारी किए गए हैं। मंत्री बघेल ने बताया कि मुख्यमंत्री साय ने किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए उपार्जन केंद्रों के माइक्रो एटीएम से दो हजार रुपए से लेकर दस हजार रुपए तक की राशि निकालने की सुविधा दी है, जिससे किसानों को धान बेचने परिवहन के लिए किराए पर लिए गए ट्रैक्टर, मेटाडोर का भाड़ा और हमाली-मजदूरी का भुगतान करने में सुविधा होगी। मुख्यमंत्री के इस फैसले से किसान बेहद खुश है। मंत्री दयाल दास बघेल ने बताया कि दूसरे राज्यों से धान के अवैध आवक-परिवहन की रोकथाम के लिए बॉर्डर इलाकों में विशेष निगरानी रखने के लिए चेक पोस्ट स्थापित किए गए हैं। धान खरीदी व्यवस्था पर निगरानी के लिए अलग-अलग जिलों के लिए राज्य स्तरीय वरिष्ठ अधिकारियों की टीम बनाई गई है, जो लगातार इसकी मॉनिटरिंग कर रहे हैं। (Chhattisgarh Paddy Purchase)

72 घंटे के भीतर ही राशि का भुगतान

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सुशासन वाली सरकार अपने वादे के मुताबिक राज्य के किसानों को समर्थन मूल्य पर धान बेचने के एवज में 72 घंटे के भीतर ही राशि का भुगतान उनके बैंक खातों में कर रही है। छत्तीसगढ़ सरकार की यह व्यवस्था वास्तव में किसानों के उपज और उनके परिश्रम का सम्मान है। रायपुर जिले के चटौद गांव के किसान धनश्याम वर्मा को पचेडा सोसायटी में 37 क्विंटल धान बेचे अभी 72 घंटे भी नहीं हुए थे कि उनके बैंक खाते में राशि पहुंचने की सूचना का मैसेज उनके मोबाइल पर आ पहुंचा। किसान हितैषी छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से त्वरित भुगतान की व्यवस्था पर प्रसन्नता जताते हुए वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री साय की बदौलत छत्तीसगढ़ के किसानों को पूरे देश में धान का सर्वाधिक मूल्य मिल रहा है। (Chhattisgarh Paddy Purchase)

धान बेचने के बाद किसानों को तत्काल राशि भी मिल जा रही है। ऐसी व्यवस्था किसी अन्य राज्य में नहीं है। किसान धनश्याम वर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार जताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने जो वादा किया था, उसे पूरा किया। उनका कहना है कि छत्तीसगढ़ सरकार किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी कर रही है। किसानों को प्रति क्विंटल 3100 रुपए मूल्य भी मिल रहा है, जो देश में सबसे ज्यादा है। इससे राज्य में खेती-किसानी को प्रोत्साहन मिल रहा है। किसानों की आर्थिक स्थिति में भी बदलाव आ रहा है। (Chhattisgarh Paddy Purchase)

Back to top button
error: Content is protected !!