छत्तीसगढ़ में 6.76 लाख मीट्रिक टन धान की हुई खरीदी, CM साय ने कहा- मोदी की गारंटी के हिसाब से कर रहे खरीदी

CG Paddy Procurement 2024: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में धान खरीदी का सिलसिला जारी है। 14 नवंबर से शुरू हुए धान खरीदी अभियान में अब तक 6.76 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी हो चुकी है। राज्य में अब तक 1.44 लाख किसानों ने अपना धान बेचा है। धान खरीदी के एवज में किसानों को बैंक लिकिंग व्यवस्था के तहत 1288 करोड़ 55 लाख रुपए का भुगतान किया गया है। धान खरीदी का यह अभियान 31 जनवरी 2025 तक चलेगी। खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस खरीफ वर्ष के लिए 27.68 लाख किसानों ने पंजीयन कराया है। इसमें 1.45 लाख नए किसान शामिल है।
यह भी पढ़ें:- पर्वतारोही निशा अफ्रीका के माउंट किलिमंजारो की चोटी पर फहराएंगी तिरंगा, CM साय ने दिया 3.45 लाख रुपए का चेक
इस साल 2 हजार 739 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से 160 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी अनुमानित है। अधिकारियों ने बताया कि 22 नवंबर को 24 हजार 602 किसानों से 1.22 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी हुई है। इसके लिए 25 हजार 840 टोकन जारी किए गए थे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान हमारे द्वारा दी गई मोदी की गारंटी के अनुरूप इस साल भी किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान के मान से ही धान खरीदी की जा रही है। किसानों को इस मामले को लेकर किसी प्रकार का भ्रम नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस संबंध में भ्रम फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। (CG Paddy Procurement 2024)
धान खरीदी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता: CM
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि धान खरीदी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ प्रदेश के पंजीकृत किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कर रही है। किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए उपार्जन केंद्रों के माईक्रोएटीएम से 2000 रुपए से लेकर 10 हजार रुपए तक की राशि निकालने की सुविधा भी दी गई है। इससे किसानों को धान बेचने परिवहन के लिए किराए पर लिए गए ट्रैक्टर, मेटाडोर का भाड़ा और हमाली मजदूरी का भुगतान करने में सुविधा होगी। छत्तीसगढ़ के किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए डिजिटल कृषि को बढ़ावा देने के लिए एग्रीस्टेक परियोजना संचालित की जा रही है। इसके तहत ग्राम का जियो रिफ्रेसिंग सर्वेक्षण नक्शा, राजस्व संबंधित अधिकार अभिलेख और डिजिटल फसल सर्वेक्षण का काम किया जा रहा है। पायलट प्रोजेक्ट के तहत 20 जिलों में जियो रिफ्रेसिंग तकनीक से सर्वे कर नक्शा तैयार करने का काम चल रहा है। अब तक 10 हजार 243 गांवों में यह कार्य पूर्ण कर लिया गया है। (CG Paddy Procurement 2024)



