Google Analytics —— Meta Pixel

संविधान को सिर्फ पढ़े नहीं, बल्कि इसे समझे और इसका पालन करें: राज्यपाल रमेन डेका

Governor Deka on Constitution: रायपुर के बालाजी ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल और कॉलेज के ऑडिटोरियम में संविधान दिवस के अवसर पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान राज्यपाल ने संगोष्ठी में भारत के संविधान के संबंध में अपने प्रासंगिक विचार रखे। उन्होंने संविधान की विभिन्न धाराओं के तहत उल्लेखित नियमों का जिक्र किया। साथ ही कहा कि हमारा संविधान दुनिया का सबसे सुंदर संविधान है। दुनिया के 60 देशों के संविधान का अध्ययन कर हमारे संविधान का निर्माण हुआ है। संविधान को सिर्फ पढ़े नहीं, बल्कि इसे समझे और इसका पालन करें।

यह भी पढ़ें:- BJP के CM उम्मीदवार का पूरा समर्थन करेंगे, PM मोदी-शाह का फैसला सर्वमान्य: एकनाथ शिंदे

राज्यपाल ने कहा कि बीते 75 सालों की यात्रा में बहुत चुनौतियां रही, इसलिए समय-समय पर संविधान में कई संशोधन किए गए, जो देश की बदलती जरूरतों के अनुसार आवश्यक थे, लेकिन इन परिवर्तनों के बावजूद संविधान की मूलभावना, समानता, स्वतंत्रता और न्याय अक्षुण्ण रही। यह हमारे संविधान की अद्वितीय विशेषता है कि यह स्थिरता और लचीलापन दोनों का संतुलन बनाए रखता है। राज्यपाल ने कहा कि भाषण की स्वतंत्रता हमारे संविधान ने हमें दी है। लोकतंत्र में राजनीति का बहुत महत्व है। महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए संविधान में प्रावधान किए गए है। उन्होंने कहा कि ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को राजनीति में भागीदारी करना चाहिए। महिलाओं में नेतृत्व क्षमता और सही निर्णय लेने की क्षमता तथा ज्ञान होना आवश्यक है जिससे महिलाएं सशक्त होंगी। (Governor Deka on Constitution)

संगोष्ठी में डिप्टी CM अरुण साव ने भी अपना उद्बोधन दिया। उन्होंने कहा कि लंबी लड़ाई के बाद देश आजाद हुआ और संविधान निर्माण के लिए संविधान सभा बनाई गई। सभा के 284 सदस्यों ने संविधान के प्रारूप का अनुमोदन किया। फिर 26 नवंबर 1949 को अंगीकृत किया गया। मूल संविधान अंग्रेजी में था, छत्तीसगढ़ के घनश्याम दास गुप्ता के नेतृत्त्व में उसका हिंदी अनुवाद हुआ। यह हमारे लिए गर्व की बात है। डिप्टी CM साव ने कहा कि आज भारत दुनिया का नेतृत्व करने के लिए तैयार है इसका मूल कारण हमारा संविधान ही है। संगोष्ठी के मुख्य वक्ता ‘हमारा संविधान भाव एवं रेखांकन’ और ‘संविधान की जन्म कथा’ पुस्तकों के लेखक लक्ष्मीनारायण भाला ने संविधान निर्माण के इतिहास को रेखांकित किया। उन्होंने हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाने के सरकार के निर्णय के लिए आभार व्यक्त किया। स्वागत उद्बोधन छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता धनीराम पटेल ने दिया। (Governor Deka on Constitution)

Back to top button
error: Content is protected !!