सदन की कार्यवाही स्थगित होने पर आमने-सामने सत्ता पक्ष और विपक्ष, जानिए किसने क्या कहा…?

Lok Rajya Sabha Proceeding: लोकसभा और राज्यसभा में लगातार हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही को 2 दिसंबर सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। दरअसल, राज्यसभा में विपक्षी सांसद लगातार नारेबाजी कर रहे थे, जिसके लेकर सदन के अध्यक्ष जगदीप धनखड़ ने कहा कि इसकी सराहना नहीं की जा सकती। हम बहुत खराब मिसाल कायम कर रहे हैं। हमारे काम जनता-केंद्रित नहीं हैं। हम अप्रासंगिकता की ओर बढ़ रहे हैं। वहीं भाजपा सांसद रवि किशन ने कहा कि ये विरोधियों का काम है। हरियाणा और महाराष्ट्र की हार उनसे बर्दाश्त नहीं हुई। ऐसी हरकतों से वे देश की जनता का कई सौ रुपया बर्बाद कर रहे हैं। ये अच्छी बात नहीं है। ये लोग सकारात्मक राजनीति नहीं समझ पाए हैं। ये लोकतंत्र में दुखद है।
यह भी पढ़ें:- धान खरीदी को लेकर सरकार की नीति और नियत ठीक नहीं: PCC चीफ दीपक बैज
LJP(R) सांसद शांभवी चौधरी ने कहा कि ये बहुत दुख की बात है कि हमारे सामने एक ऐसा विपक्ष है, जो देश के महत्वपूर्ण मुद्दों पर बात नहीं करना चाहता। सदन को स्थगित करने से देश का समय बर्बाद हो रहा है। देश के संसाधन बर्बाद हो रहे हैं। सदन को चलाने के लिए देश का पैसा लगता है, जितने भी जनप्रतिनिधि हैं वे अपना क्षेत्र छोड़ कर सदन के लिए आते हैं क्षेत्र का काम भी इससे रुकता है। पूरा देश आपको देख रहा है अगर आप अच्छे विपक्ष हैं तो आपको मुद्दों पर चर्चा करनी चाहिए। ये सदन में सुनते ही नहीं है। हमें लगता है कि ये एक अच्छा विपक्ष नहीं है। (Lok Rajya Sabha Proceeding)
सपा सांसद रामगोपाल ने सरकार को घेरा
सपा सांसद रामगोपाल यादव ने कहा कि सरकार संभल, अडानी, मणिपुर के मुद्दे पर भाग रही है। सरकार चाहती ही नहीं है कि सदन चले तो सदन कैसे चलेगा? कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि सरकार स्पष्ट करे कि वे कौन सा मुद्दा उठाना चाहती है और कब उठाना चाहती है। क्या सरकार ने कहा कि अडानी, मणिपुर, संभल, चीन और विदेश नीति पर चर्चा होगी? सरकार की तरफ से कुछ नहीं आया। उन्होंने न तो विषय स्पष्ट किया और न ही तारीख, जिस दिन वे विषय और तारीख स्पष्ट कर देंगे, हम सदन चला पाएंगे, लेकिन हम सरकार में एक नया अहंकार देख रहे हैं। (Lok Rajya Sabha Proceeding)
सरकार की संसद चलने में कोई रुचि नहीं: कुमारी शैलजा
कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा ने कहा कि इस सरकार की कोई रुचि नहीं है कि संसद चले। इनका संसदीय प्रणाली पर ही विश्वास नहीं है। जब भी विपक्ष देश हित में कोई मुद्दा रखता है तो ये उस पर बहस नहीं चाहते हैं। हम मांग करते हैं लेकिन ये विपक्ष की बात को नहीं मानते हैं। हम चाहते हैं कि संसद चले, हम JPC की मांग कर रहे हैं, आगे देखते हैं कि क्या होता है। सपा सांसद डिंपल यादव ने कहा कि हमें उम्मीद है कि सोमवार को सदन चलेगा। स्पीकर सदन को चलाएंगे और हम सभा पटल पर जो बात रखना चाहते हैं वो हमें रखने दी जाएगी। बता दें कि संसद के शीतकालीन सत्र की शुरुआत 25 नवंबर से हुई थी, लेकिन 4 दिन में सदन की कार्यवाही सिर्फ 40 मिनट ही चल पाई है। (Lok Rajya Sabha Proceeding)



