मेरे शपथ ग्रहण से पहले इजरायली बंधकों को रिहा नहीं किया गया तो मिडिल ईस्ट में तबाही ला दूंगा, ट्रंप ने हमास को दिया अल्टीमेटम

Israel Hamas War : अमेरिका के नव निर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा कि यदि गाजा पट्टी में बंधक बनाए गए लोगों को उनके 20 जनवरी के शपथ ग्रहण से पहले रिहा नहीं किया गया तो मध्य पूर्व में ‘तबाही’ मच जाएगी. इजरायली आंकड़ों के अनुसार पिछले साल इजरायल पर हुए हमले के दौरान हमास आतंकियों ने 250 से अधिक लोगों को बंधक बना लिया था, जिसमें इजरायल-अमेरिकी नागरिक भी शामिल थे. अब भी गाजा में 101 विदेशी और इजरायली बंधकों में से लगभग आधे के जिंदा होने का अनुमान है.
ट्रंप ने अपने बयान में कहा, ‘यदि बंधकों को 20 जनवरी 2025 तक रिहा नहीं किया जाता है तो मध्य पूर्व में तबाही मच जाएगी. उन लोगों पर सख्त एक्शन लिया जाएगा जो मानवता के खिलाफ यह अत्याचार कर रहे हैं.’ उन्होंने कहा, ‘जिन लोगों ने यह किया है, उन्हें अमेरिका के इतिहास की सबसे बड़ी सजा दी जाएगी.’ ट्रंप ने कहा कि अगर सही समय पर एक्शन नहीं लिया गया तो अमेरिका ऐसी सजा देगा जो आजतक किसी को नहीं मिली है।
हमास-इजराइल के बीच जंग जारी
हमास ने बंधकों की रिहाई के लिए शर्त रखते हुए युद्धविराम और गाजा से इजराइली सेना की पूरी वापसी की मांग की है. हालांकि, इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने स्पष्ट किया है कि जब तक हमास पूरी तरह समाप्त नहीं हो जाता और इजराइल के लिए खतरा नहीं बनता, युद्ध जारी रहेगा. इजराइल ने 7 अक्टूबर, 2023 को हमास के हमले के जवाब में गाजा पर व्यापक सैन्य अभियान शुरू किया था. (Israel Hamas War)
युद्ध के दौरान मारे गए इतने बंधक
हमास ने सोमवार को दावा किया कि गाजा में 33 बंधक युद्ध के दौरान मारे गए हैं, हालांकि उन्होंने उनकी राष्ट्रीयताओं का खुलासा नहीं किया. इस बीच, गाजा की स्थिति लगातार खराब हो रही है, जहां इजराइली हमलों में अब तक 44,400 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है. गाजा के अधिकारियों का कहना है कि युद्ध ने इस क्षेत्र को खंडहर में बदल दिया है और अधिकांश आबादी विस्थापित हो गई है.
गाजा पर हमास का हमला और इजराइली प्रतिक्रिया
हमास ने 2023 के अपने हमले में इजराइली समुदायों को निशाना बनाया, जिसमें 1,200 लोग मारे गए थे. इस हमले के बाद इजराइल ने गाजा पर अपनी अब तक की सबसे व्यापक सैन्य कार्रवाई शुरू की. इजराइली सेना ने इस अभियान को हमास के खतरे को समाप्त करने के लिए अपरिहार्य बताया.
बंधकों की रिहाई पर बढ़ता अंतरराष्ट्रीय दबाव
अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने इस मुद्दे को लेकर अपनी चिंताएं जताई हैं. बंधकों की रिहाई को लेकर बढ़ते दबाव के बीच, ट्रंप का बयान गाजा संकट को लेकर अमेरिका की सख्त नीति का संकेत देता है. हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि उनकी चेतावनी के बाद बंधकों की रिहाई में कोई प्रगति होगी या नहीं. (Israel Hamas War)



