Google Analytics —— Meta Pixel

अनियंत्रित होकर नाले में गिरी यात्रियों से भरी बस, हादसे में 8 लोगों की मौत, 24 से ज्यादा घायल

Road Accident in Bathinda: पंजाब में बठिंडा जिले में भीषण हादसा हुआ है, जहां तलवंडी साबो में एक बस बेकाबू होकर नाले में गिर गई, जिसमें ड्राइवर समेत 8 लोगों की मौत हो गई है। जबकि 24 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। मृतकों में 2 साल की बच्ची और उसकी मां भी शामिल है। एक दिव्यांग शख्स की भी मौत हुई है, जो हरियाणा का रहने वाला था। मृत ड्राइवर बलकार सिंह मानसा का रहने वाला था। वहीं घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। हादसा जीवन सिंह वाला गांव के पास हुआ है।

यह भी पढ़ें:- प्रणब मुखर्जी की याद में शोक सभा तक नहीं, मनमोहन सिंह के लिए स्मारक की मांग पर कांग्रेस पर भड़कीं शर्मिष्ठा

जानकारी के मुताबिक बस सरदूलगढ़ से बठिंडा की तरफ जा रही थी। बस में करीब 50 लोग सवार थे। हादसे की सूचना पाकर जिला प्रशासन और NDRF की टीम मौके पर पहुंची, जिन्होंने घायलों को बस से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। बठिंडा के DC शौकत अहमद पर्रे ने बताया कि ड्राइवर बस को तेज स्पीड से चला रहा था, तभी सामने से एक बड़ा ट्राला आ गया, जिसे बचने के लिए बस टर्न की गई, जिसकी वजह से यह हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि न्यू गुरु काशी ट्रांसपोर्ट की बस सवारियों को लेकर बठिंडा की तरफ जा रही थी। जीवन सिंह वाला गांव के पास बस अचानक बेकाबू होकर नाले में पलट गई। आसपास के ग्रामीणों ने सीढ़ियां की मदद से लोगों को बाहर निकाला। (Road Accident in Bathinda)

DC ने पर्रे ने बताया कि जिन लोगों की मौके पर मौत हुई, उनमें एक बच्चा, 3 महिलाएं और एक पुरुष शामिल है। अस्पताल में जिनकी मौत हुई, उनमें 2 पुरुष और एक महिला है। वहीं SSP अमनीत कौंडल ने कहा कि बस स्पीड में थी। बारिश हो रही थी। सामने से ट्राला आ गया, जिस वजह से ड्राइवर बस को कंट्रोल नहीं कर पाया। यह भी पता चला है कि ड्राइवर की मौत हो चुकी है। यह हादसा लापरवाही से ही हुआ है। हादसे के बाद AAP विधायक जगरूप सिंह गिल अस्पताल में पहुंचे, जिन्होंने कहा कि ये घटना काफी दुखदाई है। 5 लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 3 लोगों की अस्पताल में मौत हुई है। जितने लोग घायल हुए हैं, उनके बेहतर इलाज के लिए CMO को आदेश दे दिए हैं। घायलों और मृतकों की सरकार की ओर से आर्थिक मदद की जाएगी। हम भगवान से प्रार्थना करते हैं कि सभी घायल जल्द स्वस्थ हो जाएं। (Road Accident in Bathinda)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे में जान गंवाने वालों के प्रति शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपए और घायलों को 50,000 रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। PM मोदी ने कहा कि बठिंडा में हुई सड़क दुर्घटना में लोगों की मौत से मुझे गहरा दुख हुआ है। मैं उन परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50 हजार रुपए दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी दुख जताया है। उन्होंने कहा कि बठिंडा के तलवंडी साबो रोड पर स्थित लसाड़ा ड्रेन में एक निजी बस के हादसाग्रस्त होने की दुखदाई खबर मिली। मैं परमात्मा से दिवंगत आत्माओं की शांति और जख्मी हुए यात्रियों की जल्द ठीक होने की प्रार्थना करता हूं। (Road Accident in Bathinda)

Back to top button
error: Content is protected !!