Shri Ram Katha : कैकेयी निंदनीय नहीं, वंदनीय हैं: सुप्रसिद्ध मानस विदुषी का संदेश

बलौदाबाजार। स्वर्गीय सोनचंद वर्मा स्मृति फाउंडेशन द्वारा आयोजित 7 दिवसीय दिव्य संगीतमयी श्रीराम कथा (Shri Ram Katha) के पंचम दिवस पर शनिवार को अयोध्या धाम से पधारी सुप्रसिद्ध मानस विदुषी देवी चन्द्रकला जी ने श्रीराम के वनगमन और केवट प्रसंग का भावपूर्ण वाचन किया। इस अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं ने कथा का रसास्वादन किया और प्रसाद ग्रहण किया।
कथा में देवी चन्द्रकला जी ने कैकेयी के चरित्र का विश्लेषण करते हुए कहा, “रामायण में कैकेयी को वनगमन का दोषी माना जाता है, परंतु गहराई से देखने पर समझ आता है कि कैकेयी निंदनीय नहीं, वंदनीय हैं। उनके वरदानों ने ही श्रीराम को मर्यादापुरुषोत्तम बनने का मार्ग प्रशस्त किया।
यह भी पढ़े :- Sikandar Teaser : सिंकदर का टीजर रिलीज, एक लाइन बोलकर लूटी महफिल, गजनी के डायरेक्टर ने बनाई है फिल्म
उन्होंने भरतजी द्वारा कैकेयी की निंदा का उल्लेख करते हुए तुलसीदासजी के शब्द उद्धृत किए:
“जब तैं कुमति कुमत जियँ ठयऊ, खंड खंड होई हृदउ न गयऊ।
बर मागत मन भइ नहिं पीरा, गरि न जीह मुहँ परेउ न कीरा।।
मानस विदुषी ने भगवान श्रीराम के दृष्टिकोण को स्पष्ट करते हुए कहा कि श्रीराम ने भरतजी को इस तरह की निंदा करने से रोका। श्रीराम ने कहा:
“दोसु देहिं जननिहि जड़ तेई, जिन्ह गुर साधु सभा नहिं सेई।”
उन्होंने समझाया कि रामायण का गहन अध्ययन हमें यह सिखाता है कि कैकेयी ने श्रीराम के वनगमन से धर्म और मर्यादा की स्थापना का मार्ग प्रशस्त किया।
अयोध्या राम मंदिर का समर्थन
विदुषी चन्द्रकला जी ने राम मंदिर निर्माण की आलोचना करने वालों को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के बाद लाखों लोगों को रोजगार मिला है, जिससे देश की सांस्कृतिक और आर्थिक प्रगति हो रही है।
मुख्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बलौदाबाजार के पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने भी श्रीराम कथा (Shri Ram Katha) का श्रवण किया और आयोजन समिति की सराहना की।

आगामी कथा का विवरण
आयोजन समिति के अनुसार, अब कथा(Shri Ram Katha) के केवल दो दिन शेष हैं। रविवार को श्री भरत चरित्र का विस्तृत वर्णन किया जाएगा। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि इस दिव्य आयोजन का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

समाप्ति पर विशेष आयोजन
कथा के समापन पर भव्य आरती और प्रसाद वितरण का आयोजन होगा। श्रद्धालुओं को अधिक संख्या में उपस्थित होकर श्रीराम कथा के इस दिव्य आयोजन को सफल बनाने का निमंत्रण दिया गया है।



