छत्तीसगढ़ के 10 नगर निगमों में प्रशासकों की नियुक्ति, सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी की अधिसूचना
Appointment of Administrators: छत्तीसगढ़ शासन ने रायपुर नगर निगम समेत प्रदेश के 10 नगर निगमों में कलेक्टरों को प्रशासक नियुक्त किया है। इसे लेकर राज्य शासन के नगरीय प्रशासन और विकास विभाग मंत्रालय महानदी भवन की ओर से 31 दिसंबर 2024 को अधिसूचना जारी किया गया। नगर पालिक निगमों में निर्वाचित परिषद का कार्यकाल समाप्त होने के बाद शक्तियों को प्रयोग में लाने और उसके कर्तव्यों का संपादन के लिए संबंधित जिला कलेक्टर को प्रशासक नियुक्त किया गया है।
यह भी पढ़ें:- नए साल के पहले दिन CM ने दिया शासकीय कामकाज में कसावट लाने का मंत्र, सचिवों और विभागाध्यक्षों की ली बैठक
जारी अधिसूचना के तहत नगर पालिक निगम राजनांदगांव में 03 जनवरी 2025, नगर पालिक निगम बिलासपुर और जगदलपुर में 04 जनवरी 2025, नगर पालिक निगम रायपुर, धमतरी, दुर्ग, रायगढ़ और चिरमिरी में 06 जनवरी 2025 से संबंधित जिला कलेक्टर को प्रशासक नियुक्त किया जाता है। इसी तरह नगर पालिक निगम अंबिकापुर में 08 जनवरी 2025 और नगर पालिक निगम कोरबा में 10 जनवरी 2025 से संबंधित जिला कलेक्टर को प्रशासक नियुक्त किया जाता है। (Appointment of Administrators)
देखें आदेश की कॉपी

बता दें कि छत्तीसगढ़ के नगरीय निकायों में महापौर और अध्यक्ष पदों के लिए आरक्षण की प्रक्रिया 7 जनवरी को होगी। रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय आडिटोरियम में 7 जनवरी को सुबह 10.30 बजे से आरक्षण की प्रक्रिया शुरू होगी। नगर निगम के महापौर, नगर पालिका अध्यक्ष और नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए आरक्षण की कार्यवाही होगी। जिला पंचायत सदस्य, जनपद अध्यक्ष, जनपद सदस्य, सरपंच और पंच पदों के आरक्षण की सूचना का प्रकाशन 3 जनवरी यानी शुक्रवार को किया जाएगा। वहीं 8 जनवरी से 10 जनवरी तक आरक्षण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। साथ ही अधिसूचना का प्रकाशन किया जाएगा। (Appointment of Administrators)
बैलेट पेपर से होगा चुनाव
कलेक्टर्स की ओर से 10 जनवरी तक संबंधित जानकारी संचालक पंचायत को प्रेषित की जाएगी। इसके साथ ही जिला पंचायत अध्यक्ष पद के आरक्षण की सूचना का प्रकाशन 3 जनवरी को होगा। जबकि आरक्षण की कार्यवाही 11 जनवरी तक पूरी की जाएगी। बता दें कि साय सरकार इस बार पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव को एक साथ कराने की तैयारी कर रही है। इस बार दोनों चुनाव बैलेट पेपर से होंगे। डिप्टी CM अरुण साव ने इसकी जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि EVM की तैयारी में समय लग रहा था। इसलिए बैलेट पेपर से चुनाव कराने का फैसला लिया है। सरकार जल्द से जल्द चुनाव करने प्रतिबद्ध है। (Appointment of Administrators)



