Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में 2 जनवरी तक 93.44 लाख मीट्रिक टन धान की हुई खरीदी, महासमुंद में 650 कट्टा अवैध धान जब्त

Paddy Purchased in Chhattisgarh: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में प्रदेश के किसानों से सुगमता पूर्वक धान की खरीदी की जा रही है। वहीं धान खरीदी व्यवस्था पर वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा लगातार मॉनीटरिंग की जा रही है। राज्य में 14 नवम्बर से शुरू हुए धान खरीदी का सिलसिला अनवरत रूप से जारी है। अब तक लगभग 93.44 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी हो चुकी है। धान खरीदी के एवज में 18.69 लाख किसानों को बैंक लिकिंग व्यवस्था के तहत 21 हजार 040 करोड़ रूपए का भुगतान किया गया है। धान खरीदी का यह अभियान 31 जनवरी 2025 तक चलेगी।

यह भी पढ़ें:- राज्य सरकार प्रदेश के चहुंमुखी विकास के लिए प्रतिबद्ध: कैबिनेट मंत्री राजवाड़े 

प्रदेश के समस्त पंजीकृत कृषकों को खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में धान विक्रय हेतु टोकन की सुविधा ऑनलाईन एप्प (टोकन तुंहर हांथ) एवं उपार्जन केन्द्रों में 25 जनवरी 2025 तक के लिए उपलब्ध कराया गया है। किसान सुविधा अनुसार तिथी का चयन कर नियमानुसार धान विक्रय कर सकते है। धान खरीदी के साथ-साथ मिलर्स द्वारा धान का उठाव भी तेजी से हो रहा है। धान उठाव के लिए लगभग 62.72 लाख मीट्रिक टन धान के लिए डीओ और टीओ जारी किया गया है, जिसके विरूद्ध अब तक 36.38 लाख मीट्रिक टन धान का उठाव कर लिया गया है। (Paddy Purchased in Chhattisgarh)

खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस खरीफ वर्ष के लिए 27.78 लाख किसानों द्वारा पंजीयन कराया गया है। इसमें 1.59 लाख नए किसान शामिल है। इस वर्ष 2739 उपार्जन केन्द्रों के माध्यम से 160 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी अनुमानित है। खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आज 02 जनवरी 2025 को 62494 किसानों से 2.90 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी की गई है। इसके लिए 81 हजार 926 टोकन जारी किए गए थे। आगामी दिवस के लिए 83 हजार 303 टोकन जारी किए गए हैं। (Paddy Purchased in Chhattisgarh)

पिथौरा में 650 कट्टा अवैध धान जब्त

महासमुंद अनुविभागीय अधिकारी पिथौरा ओंकारेश्वर सिंह के नेतृत्व में ग्राम लारीपुर (टु.) में प्रशासनिक टीम द्वारा की गई आकस्मिक जांच के दौरान 650 कट्टा अवैध धान जब्त किया गया। यह धान मनीराम साहू के घर से बरामद हुआ। जांच के दौरान पाया गया कि मनीराम के पास खेती की कोई जमीन नहीं है, और न ही वह धान के लिए कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत कर सका। इससे स्पष्ट हुआ कि धान अवैध रूप से संग्रहित किया गया था। प्राथमिक जांच में यह भी संकेत मिला कि यह धान कहीं और से लाकर यहां रखा गया था। विपणन अधिकारी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए धान को जब्त कर लिया। अनुविभागीय अधिकारी सिंह का कहना है कि यह कार्रवाई क्षेत्र में अवैध धान भंडारण और उसके व्यापार पर रोक लगाने के उद्देश्य से की गई है। प्रशासन ने किसानों और व्यापारियों से अपील की है कि वे केवल वैध दस्तावेजों के साथ ही धान का भंडारण और व्यापार करें। (Paddy Purchased in Chhattisgarh)

Back to top button
error: Content is protected !!