किसी भी हाल में हिंसा और आतंक को सहन नहीं किया जाएगा: CM विष्णुदेव साय

CM Sai on Naxalism: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दंतेवाड़ा के कारली पुलिस लाइन में सोमवार को बीजापुर जिले के कुटरू-बेदरे मार्ग पर अंबेली गांव में IED ब्लास्ट में शहीद हुए जवानों और वाहन चालक के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शहीद जवानों के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर कदम पर राज्य सरकार उनके साथ है। डिप्टी CM और गृहमंत्री विजय शर्मा, वन मंत्री और प्रभारी मंत्री केदार कश्यप, बस्तर सांसद महेश कश्यप और दंतेवाड़ा विधायक चौतराम अटामी ने भी श्रद्धांजलि दी।
यह भी पढ़ें:- 5 करोड़ की लागत से बनेगी माता राजिम की विशालकाय कांस्य प्रतिमा, मुख्यमंत्री साय ने की घोषणा
बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी, पूर्व सांसद दीपक बैज, पूर्व विधायक देवती कर्मा समेत DGP अशोक जुनेजा, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, ADGP विवेकानंद सिन्हा, कमिश्नर बस्तर डोमन सिंह, बस्तर रेंज IG सुंदरराज पी, DIG कमलोचन कश्यप और अमित काम्बले, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, SP गौरव राय समेत पुलिस, CRPF के अधिकारी और जनप्रतिनिधियों के साथ ही स्थानीय लोगों ने शहीद जवानों के शवों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री साय समेत डिप्टी CM और वन मंत्री ने शहीद जवान बामन सोढ़ी के पार्थिव शरीर को कंधा देकर उनके गृह ग्राम के लिए रवाना किया। साथ ही दूसरे शहीद जवानों और वाहन चालक के पार्थिव शव को उनके गृह ग्राम रवाना किया गया। (CM Sai on Naxalism)

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि बीजापुर के कुटरू क्षेत्र में नक्सलियों का किया गया कायराना हमला न सिर्फ हमारे जवानों पर, बल्कि लोकतंत्र और शांति के मूल्यों पर प्रहार है। जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। नक्सलियों के खात्मे के लिए अभियान निरंतर जारी रहेंगे। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि किसी भी हाल में हिंसा और आतंक को सहन नहीं किया जाएगा। हमारी सरकार बस्तर संभाग में शांति स्थापित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और मार्च 2026 तक प्रदेश में नक्सलवाद खत्म होकर ही रहेगा। बता दें कि बीजापुर जिले के कुटरू क्षेत्र में नक्सलियों के किए गए IED ब्लास्ट के चपेट में आने से DRG के 8 जवान समेत एक वाहन चालक शहीद हो गए। (CM Sai on Naxalism)




